रायपुर. छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते लोगों को दोबारा ठंड का एहसास होने लगा है. खासकर सुबह-शाम ठंडी हवाओं और हल्की ठिठुरन ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है.
हालांकि मौसम विभाग ने राहत भरी जानकारी देते हुए कहा है कि आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद प्रदेश के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. इसका मतलब साफ है कि ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा और दिन के समय गर्माहट बढ़ने लगेगी.
रायपुर के मौसम को लेकर विभाग ने बताया कि अगले सात दिनों तक मौसम लगभग स्थिर रह सकता है. इस दौरान दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि रात में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा. मंगलवार को रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है. अनुमान के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
सोमवार को राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहा और बारिश नहीं हुई. इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ. हवा की रफ्तार भी बेहद धीमी रही और लगभग 1 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई.
प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा गर्म जिला दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे ठंडा इलाका अम्बिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इससे साफ है कि सरगुजा संभाग में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है.
इसके अलावा बिलासपुर, जगदलपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. कुल मिलाकर प्रदेश में मौसम फिलहाल स्थिर रहेगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में रात की ठंड में कमी आने की संभावना है.
