अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर के व्यस्ततम इलाके अंबेडकर चौक में स्थित एक फर्नीचर शोरूम में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते शोरूम के भीतर रखा फर्नीचर, अलमीरा समेत लाखों-करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक होने की स्थिति में पहुंच गया.
जानकारी के अनुसार, आग लगने के कुछ देर बाद शोरूम में रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका भी हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाके के बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
बताया जा रहा है कि इस भीषण आग की चपेट में फर्नीचर दुकान के साथ-साथ ऑटो पार्ट्स सहित कई अन्य दुकानों का सामान भी जलकर राख हो गया. घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक के पास की बताई जा रही है.
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. खबर लिखे जाने तक दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद है तथा स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है.
