जशपुर. छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी सीजन के बीच सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिश कर रहे बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है. जिला प्रशासन के समन्वय से लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत जशपुर पुलिस ने थाना लोदाम क्षेत्र में झारखंड से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे 230 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है. जप्त धान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 29 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने धान से भरे एक ट्रैक्टर और एक ट्रक को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10.30 बजे लोदाम थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भलमंडा चौक के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका. तलाशी लेने पर ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MR-7224 में 65 बोरियों में करीब 30 क्विंटल धान लोड मिला. पूछताछ में चालक ने अपना नाम सत्यमूर्ति तिर्की (35 वर्ष), निवासी ग्राम भलमंडा थाना लोदाम बताया और धान को झारखंड के कीतम से लाकर जशपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बोडोकछार निवासी देवघन राम के यहां ले जाना स्वीकार किया. धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर लिया.
इसी क्रम में उसी दिन रात्रि करीब 8.30 बजे थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम साईं टांगर टोली के पास एक ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-04-MC-5664 को रोका। जांच में ट्रक से 450 बोरियों में कुल 200 क्विंटल धान बरामद हुआ. ट्रक चालक ने अपना नाम बबन सिंह (53 वर्ष), निवासी ग्राम केमडे, थाना रातु जिला रांची झारखंड बताया और धान को रांची निवासी दिवाकर सिंह का बताया. चालक भी धान से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर धान को धान उपार्जन केंद्र में खपाने के संदेह में जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया.
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक महेश्वर यादव की अहम भूमिका रही. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि लोदाम क्षेत्र में 230 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया है और अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है. ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी.
