नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड ने अपना सबसे तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। हरियाणा के हिसार में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि दिल्ली और चंडीगढ़ में पारा 4 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 30 जनवरी तक देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड बनी रहने का अनुमान है। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में हल्के से घने कोहरे की स्थिति लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के छह राज्यों में अगले 72 घंटों के दौरान बारिश की संभावना भी जताई है। 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है। इसके अलावा 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी दिल्ली में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 15 से 17 जनवरी के बीच सुबह और रात के समय न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है, साथ ही 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस होगी।
बिहार में भी ठंड का कहर जारी है। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर छाई हुई है। पटना, सिवान, बक्सर, भोजपुर, सारण, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में खतरनाक शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कानपुर समेत अवध क्षेत्र में हल्का कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 और 19 जनवरी को हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कुल मिलाकर आने वाले दिन उत्तर भारत के लिए ठंड, कोहरा और बारिश के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।
