रायपुर। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फाफाडीह में युवक अमर विश्वकर्मा की नृशंस हत्या के विरोध में गुरुवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने देवेंद्र नगर थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल देखने को मिला।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार बढ़ते अपराधों के बावजूद पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि रायपुर शहर में हत्या, लूट, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने अमर विश्वकर्मा की हत्या को पुलिस की गंभीर चूक का नतीजा बताते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपराधों पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस पार्टी हर उस थाना क्षेत्र में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी, जहां इस तरह की घटनाएं होंगी। कांग्रेस किसी भी हाल में जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं होने देगी और पुलिस प्रशासन को जवाबदेह बनाकर ही दम लेगी।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, श्रीनिवास मणिराम साहू, दीपा बग्गा, संजय सोनी, अजीत कुकरेजा, अरुण जंघेल, जसबीर ढिल्लन, डॉ. अन्नूराम साहू, सुनील भुवाल, देव कुमार साहू, मुन्ना मिश्रा, सुशांत डे, राज देवांगन, चितरंगा साहू, विनय तिवारी, महेंद्र सेन, आसिफ मेंमन, विजय टंडन, कमल धृतलहरे, वेंकट कुमार, ईश्वर चक्रधारी, डूमेंद्र दीप, लक्ष्मण सेन, कुलदीप ध्रुव, अपराजिता तिवारी, राधे नायक, जसमीत शर्मा, हेमलाल नायक, गुलाब मखीजा, विनोद सिंह ठाकुर, हीरा नगरची, हेमप्रकाश नायक, किशन डोंगरी, राजेंद्र प्रधान, सोनू ठाकुर, भूपेंद्र जलछत्री, अमिताभ घोष, राज सिक्का, विकास अग्रवाल, प्रवेश लखवानी, रूबल मेहता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें –
Balrampur News: शादी करूंगा कहकर रेप, आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे!
