
जगदलपुर। धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बस्तर में आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य और पूर्व विधायक रेखचंद जैन की मौजूदगी में किसान कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में गरावण्डकला धान खरीदी केंद्र में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन को दो दिन के भीतर मांग पूरी करने का अल्टीमेटम देते हुए ज्ञापन भी सौंपा।
धरना स्थल पर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम कश्यप और नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि गरावण्डकला धान खरीदी केंद्र में निर्धारित लिमिट कम होने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय रहते धान की बिक्री नहीं होने से किसानों में अपनी उपज खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी हुई है। इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शासन की उदासीनता के चलते किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। खरीदी अवधि सीमित होने के कारण दबाव बढ़ता जा रहा है, वहीं लिमिट कम होने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। इसी के विरोध में मजबूर होकर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तालाबंदी कर प्रदर्शन करना पड़ा।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर धान खरीदी की लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों में भी तालाबंदी कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने एक स्वर में किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
इसे भी पढ़ें –
आपके WhatsApp पर ‘घोस्ट अटैक’ का खतरा! बिना OTP अकाउंट हाईजैक, सरकार ने जारी किया अलर्ट
कर्रेगुट्टा पहाड़ी में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, नक्सल डंप ध्वस्त, दो प्रेशर IED मौके पर नष्ट
कोहरे की चादर, कक्षा 5 तक के स्कूल बंद, सड़कों पर बढ़ा हादसों का खतरा




