
जांजगीर-चांपा। खुद को पास्टर बताकर ‘चमत्कार’ से तबीयत ठीक करने का दावा करने वाले एक व्यक्ति को महिला से अनाचार के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गंभीर मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने महिला की बीमारी का फायदा उठाकर उसे अपने घर बुलाया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
तबीयत ठीक करने के बहाने बुलाया, किया अनाचार
पुलिस के मुताबिक पीड़िता की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम बुडगहन, वार्ड क्रमांक 6, थाना बलौदा के रहने वाले और वर्तमान में खिसोरा (थाना अकलतरा) में निवासरत अशोक श्रीवास से हुई। खुद को पास्टर बताने वाले अशोक ने महिला को कहा कि प्रार्थना से उसकी तबीयत ठीक हो जाएगी और उसे अपने घर बुलाया, जहां उसने महिला के साथ अनाचार किया।
स्टेशन से पकड़ा गया आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने धारा 376, 506 और 323 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी फरार था, लेकिन पुलिस को सूचना मिली कि वह अकलतरा रेलवे स्टेशन से भागने की फिराक में है। घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि वह पास्टर बनकर खिसोरा गांव में प्रार्थना सभाएं आयोजित करता था और लोगों को चमत्कार का झांसा देता था।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि आरोपी अशोक श्रीवास पहले भी विवादों में रह चुका है। वर्ष 2024 में उस पर मतांतरण (धर्म परिवर्तन) कराने के आरोप में भी मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल जा चुका है।
न्यायिक रिमांड में भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी अशोक श्रीवास को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।