T20 WORLD CUP : इंग्लैंड को सेमीफाइनल से पहले बड़ा झटका… 4 शतक लगाने वाला खिलाड़ी बाहर

नई दिल्ली। इंग्लैंड काे टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले करारा झटका लगा है। ओपनर बल्लेबाज जेसन रॉय टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-12 के अंतिम मुकाबले में रॉय चोटिल हो गए थे। इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। ईसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, रॉय की जगह जेम्स विंस को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 10 नवंबर को पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने अब तक 5-5 में से 4-4 मुकाबले जीते हैं। रॉय टी20 में 4 शतक के अलावा 250 छक्के लगा चुके हैं।

जेसन रॉय के पैर में चोट है। वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ 20 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड से बाहर होना मेरे लिए कड़वे घूंट की तरह है। मालूम हो कि 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में जेसन रॉय ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस कारण टीम खिताब जीतने में सफल रही थी। इंग्लैंड ने 2010 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इस बार भी टीम को बड़ा दावेदार माना जा रहा है। न्यूजीलैंड की टीम अब तक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी है।

जेसन रॉय ने 2019 में वनडे वर्ल्ड कप में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 8 मैच में 63 की औसत से 443 रन बनाए थे। एक शतक और 4 अर्धशतक लगाया था। यानी 5 बार 50 से अधिक रन की पारी खेली थी। उनके ओवरऑल टीम करियर की बात करें तो रॉय 262 मैच में 28 की औसत से 6842 रन बना चुके हैं। 4 शतक और 46 अर्धशतक लगाया है। इसमें 251 छक्के भी शामिल हैं।

जेम्स विंस का रिकॉर्ड भी टी20 में शानदार है। वे 267 मैच में 7146 रन बना चुके हैं। औसत 31 का और स्ट्राइक रेट 134 का है। वे 2 शतक और 44 अर्धशतक लगा चुके हैं।