शादी से पहले घर से भागी लड़की, लड़के वालों ने दुल्हन के भाई को बनाया बंधक; छोड़ने के एवज में मांगे पैसे

मध्य प्रदेश के गुना में शादी से पहले ही लड़के और लड़की पक्ष में विवाद हो गया। गुना में पिता ने बेटी की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ तय की तो युवती घर से भाग गई। इससे नाराज लड़के वालों ने लड़की के भाई को बंधक बना लिया और लड़की वालों के सामने शर्त रख दी कि या तो युवती से शादी कराओ या फिर पैसे दो। मामले में दोनों पक्षों के बीच खूब विवाद हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई.प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई 2020 को आरोन क्षेत्र के मरेठिया गांव निवासी बापूलाल (55) पिता अमर सिंह भील ने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उनका कहना था कि उनके 8 बच्चे हैं। इनमें 4 की शादी हो चुकी है। एक लड़की की शादी की बात सावन भादो के फूल सिंह के लड़के से करीब डेढ़ महीने पहले तय की गई थी। रिश्ता तय होने के कुछ दिनों बाद बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई। पता चला कि वह राजस्थान की ओर गई है।

बापूलाल के मुताबिक, लड़की के कहीं चले जाने की बात जब फूल सिंह को पता चली तो वह मेरे घर आए। उनके साथ रमेश, पूरन, सुल्तान, करण सिंह, मोहर सिंह भी थे. उन्होंने मेरे बेटे शिवराज से कहा कि गौमुख सिद्ध बाबा के पास पंचायत में चलना है। इसके बाद वे मेरे बेटे फूल सिंह के घर ले गए। उन्होंने मेरे बेटे को बंधक बना लिया और समाज के लोगों से संदेशा भिजवाया कि जब तक उन्हें लड़की नहीं मिलेगी, वे लड़के को नहीं लौटाएंगे। बापूलाल का कहना है कि उन्‍होंने बेटे को छुड़ाने की गुहार पंचायत से भी लगाई। कुछ दिनों बाद तो फूल सिंह ने पंचायत में आना ही बंद कर दिया। इसके बाद 6 लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया।

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सावन भादो गांव में दबिश देकर बापूलाल के लड़के को छुड़ाया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ दिनों बाद एक आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SP ने 4 हजार के इनाम की घोषणा कर दी। लगातार सर्चिंग के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी रिजौदा गांव में आए हुए हैं। इस पर एक टीम ने घेराबंदी कर रमेश भील (35), पूरन भील (42), मोहर सिंह (45) और सुल्तान (42) को गिरफ्तार कर लिया।