Sex Racket : ऑनलाइन सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 5 युवक और 2 युवतियां गिरफ्तार; कई नामी लोग है इसके ग्राहक!

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में बड़ा सेक्स रैकेट पकड़ा गया है. पता चला है कि कई नामी लोग इस गिरोह के ग्राहक हैं। देह व्यापार की सारी डीलिंग ऑनलाइन की जा रही थी। पुलिस ने 5 युवक और दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गयी है।

इंदौर की विजय नगर पुलिस ने कुछ समय पहले देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया था। इसमें बांग्लादेशी युवतियों को जबरिया इंदौर लाकर देह व्यापार करवाने की बात सामने आयी थी। इन सभी युवतियों को दूसरे मुल्क से भी अवैध तरीके से भारत लाया गया था। उस मामले की जांच एक बड़ी सुरक्षा एजेंसी कर रही है। इसके बाद भी शहर में देह व्यापार नहीं रुक रहा है।

इस बार सेक्स रैकेट लसूड़िया इलाके में पकड़ा गया। पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। साथ ही संदिग्ध गतिविधि के आधार पर कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें दो युवतियां भी शामिल हैं। एक युवती हरियाणा और दूसरी एमपी की रहने वाली है। लसूड़िया थाना पुलिस को अपने इलाके में अनैतिक गतिविधि की शिकायत मिली थी। उसके आधार पर पुलिस जाल बिछा चुकी थी। लेकिन अक्सर वह खाली हाथ ही रही, क्यूंकि गिरोह की सरगना युवती बेहद शातिर है।

इस वजह से पुलिस ने भी तकनीक का इस्तेमाल किया और जाल बिछाकर इलाके से ही सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक उज्जैन, राजस्थान और इंदौर के रहने वाले है। पता चला है कि हरियाणा की युवती कुछ समय पहले ही इंदौर आयी थी और इस गिरोह के सम्पर्क में थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री सहित मोबाइल, नगदी और अन्य चीजें बरामद की हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई राज खोले हैं। इससे साबित हो रहा है कि इस गिरोह से कई बड़े लोग जुड़े हैं। पुलिस जल्द ही उनसे भी पूछताछ कर सकती है। साथ ही तकनीकी चीजें उपलब्ध करवाने वाला भी पुलिस जांच में आ सकता है।