19 वर्षीय युवती से गैंगरेप… आरोपियों में BJP का मंडल चीफ़ भी शामिल… पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता….. तलाश में पुलिस

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में एक 19 वर्षीय युवती से कथित तौर पर अपहरण और गैंगरेप की घटना सामने आई है। पीड़िता ने बीजेपी के मंडल चीफ समेत चार लोगों को आरोपी बताया है। बताया जा रहा है कि बीते 18 फरवरी को युवती अपने घर से लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने जैतपुर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

बीते रविवार को युवती अपने घर से कुछ दूरी पर बेहोश हालत में मिली। घर वालों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने युवती को जैतपुर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर युवती ने चार लोगों का नाम लिया है। बीजेपी के मंडल चीफ विजय त्रिपाठी को मुख्य आरोपी बताया। साथ ही उसने बताया कि गैंगरेप में राजेश शुक्ला, मुन्ना सिंह और मोनू महाराज भी शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक चारों की उम्र 35 से 40 साल के बीच है। पुलिस ने चारों के खिलाफ गैंगरेप और अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी मुकेश कुमार वैश्य ने बताया कि पीड़िता 18 फरवरी से घर से लापता थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पीड़िता अपने घर से कुछ दूरी पर बेहोशी की हालत में मिली जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। होश में आने के बाद पीड़िता ने बताया कि एक लाल रंग की कार में उसका अपहरण किया गया और फिर एक फार्म हाउस पर ले जाकर उसके साथ कई बार रेप किया गया है।

फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आशंका है कि चारों आरोपी उसी लाल रंग की कार में युवती को उसके घर के कुछ दूर फेंकने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद बीजेपी के जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह ने एक बयान जारी कर बताया कि आरोपी विजय त्रिपाठी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।