प्रदेश में कोरोना डेल्टा प्लस का पहला मामला… 65 वर्षीय महिला में इस वैरियंट की पुष्टि…संपर्क में आए 20 लोगों की चल रही जांच

भोपाल… मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर भले ही कमजोर हो गई है, लेकिन खतरा अब भी बरकरार है। राज्य में कोरोना के नए डेल्टा प्लस वैरिएंट केस सामने आने से चिंता बढ़ गई है। भोपाल में एक महिला में डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि हुई है। महिला के संपर्क में आए 20 अन्य लोगों की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला घर पर है।

भोपाल में बरखेड़ा पठानी निवासी 65 साल की महिला में यह वैरिएंट मिला है। कुछ दिन पहले उसके सैंपल की जांच करने के लिए भेजा गया था। हालांकि, महिला की रिपोर्ट निगेटिव है और अपने घर पर आइसोलेट है। देश में कोरोना की दूसरी लहर के लिए कोरोना के डेल्टा वैरिएंट को जिम्मेदार माना जाता है। अब इसी वैरिएंट का बदला रूप डेल्टा प्लस है। यह पहली बार भारत में ही पाया गया। अभी तक देश में 6 डेल्टा प्लस वैरिएंट के मामले मिल चुके हैं। विशेषज्ञ का कहना है कि इस नए डेल्टा प्लस वैरिएंट पर मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल का भी असर नहीं हो रहा है। 

भोपाल से जून में 15 सैंपल जांच के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। जीनोम सिक्वेंसिंग में महिला के सैंपल में डेल्टा प्लस वैरिएंट मिलने की पुष्टि हुई। साथ ही रिपोर्ट में डेल्टा और अन्य वैरिएंट भी मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अब महिला के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। अभी तक इसमें 20 लोग की पहचान की गई है, जिनकी जांच चल रही है।