मानवता शर्मसार : महिला को डायन समझकर निर्वस्त्र कर जमकर पीटा, 3 गिरफ्तार

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को डायन होने के शक में जमकर पीटा गया। उसके बाद उसे निर्वस्त्र कर बाल पकड़कर घसीटा गया। इस हैवानियत भरे मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। तीन की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। इस घटना के दौरान आस-पास खड़े लोगों में से किसी का भी दिल नहीं पसीजा, उल्टा लोगों ने घटना वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

महिला उत्पीड़न की ये घटना मांडवी गांव की 5 अक्टूबर की रात की है। SP धार आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि महिला के साथ गलत व्यवहार किया गया। घटना का पता चलते ही मनावर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार लोगों लालू, उदय, रागलिया और संतोष पर विभिन्न धाराओं मे प्रकरण दर्ज कर लिया गया। इनमें से लालू, उदय और रागलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी फरार है।

इस तरह की दरिंदगी

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों के घरवाले अक्सर बीमार रहते थे। उन्होंने उनका इलाज कई जगह कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस बीच किसी ने इनसे कह दिया कि पीड़ित महिला डायन है। उसकी वजह से घरवाले ठीक नहीं हो पा रहे। इसके बाद चारों आरोपी 5 अक्टूबर की रात महिला के घर में घुसे और उस पर टूट पड़े। जिसे जो समझ में आया, उसने उसे वैसे पीटा। इसके बाद आरोपी महिला को बालों से घसीटकर घर से बाहर लाए। उसके कपड़े उतार दिए और फिर जमकर पीटा। महिला गिड़गिड़ाती रही, लेकिन किसी के दिल में दया नहीं आई।