बर्थडे पार्टी से लौट रही छात्रा के चेहरे पर ब्लेड चलाया, दूसरे लड़के से बात करने पर थे नाराज

मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के एमपी नगर इलाके में बर्थडे पार्टी से लौट रही एक छात्रा पर दो बदमाशों ने ब्लेड से हमला कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने धमकी दी कि अब तुम अपने दोस्तों को वीडियो कॉल करो। अगर अभी भी दूसरे लड़कों से बात की तो अंजाम बुरा होगा। दोनों आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी। पीड़िता असम की रहने वाली है, जो यहां कॉलेज में पढ़ाई क़र रही है। वह अपनी दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गई थी, जहां वह अपने किसी फ्रेंड से मोबाईल पर बात कर रही थी।

बताया जा रहा है कि फोन पर बात करना पार्टी में शामिल दो युवाओं को पसंद नहीं आया और उसे मना किया। इसके बाद लड़की का उनसे विवाद हुआ। इसके बाद पार्टी में शामिल बदमाश आरिफ ने ब्लेड से छात्रा के चेहरे पर हमला कर दिया और उसे धमकी दी कि दूसरों से बात करोगी तो यही हाल होगा। हालांकि घटना के बाद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया की वह छात्रा को पहले से जानते हैं ओर उससे दोस्ती भी है, मगर वह दिनभर दूसरे लड़कों से बात करती रहती है।

हालांकि छात्रा का कहना है कि वह आरोपियों को नहीं जानती। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि  एमपी नगर जोन-2 में होटल में बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी में छात्रा के अलावा अशोका गार्डन निवासी आरिफ ओर सलीम  मौजूद थे। देर रात तक चली पार्टी में छात्रा का और दो युवकों का विवाद हुआ, जिसके बाद अचानक हंगामा होने लगा। आरिफ ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवती के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले के दौरान छात्रा किसी से बात कर रही थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, जिन्हें गिरफ़्तार कर लिया है और पीड़िता की हालत स्थिर बनी हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपी इवेंट मैनेजमेंट का काम करते हैं। वारदात के बाद से फरार होने पर दोनों को अशोका गार्डन से ही पकड़ा गया।