14 से 16 फरवरी तक भोपाल झील महोत्सव का रंगारंग आयोजन

Bhopal Lake Festival, झील महोत्सव भोपाल
Bhopal Lake Festival

 

श्री कैलाश विजयवर्गीय करेंगे झील उत्सव का शुभारंभ 
खेल एवं युवा कल्याण, संस्कृति और एप्को के आयोजन होंगे

भोपाल : गुरूवार, फरवरी 13, 2014, 18:05 IST
 

राज्य शासन द्वारा 14, 15 और 16 फरवरी को भोपाल झील महोत्सव का रंगारंग आयोजन किया जायेगा। खेल और युवा कल्याण तथा संस्कृति विभाग द्वारा झील उत्सव में खेल प्रतियोगिताएँ और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय 14 फरवरी को 11 बजे बड़ी झील के समीप जल-क्रीड़ा केन्द्र में प्रथम भोपाल झील महोत्सव का उदघाटन करेंगे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सबेरे 9.30 बजे होटल लेक व्यू अशोका में एप्को द्वारा आयोजित झील एवं तालाबों के संरक्षण पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 14 फरवरी को झील उत्सव में दोपहर 2 बजे से बेण्ड-शो वॉटर स्पोर्टस सेंटर में होगा। शाहपुरा झील में 14 से 16 फरवरी तक राष्ट्रीय ड्रेगन बोट चेम्पियनशिप, 15 फरवरी को पेंटिंग प्रतियोगिता दोपहर 12 बजे से होगी। कलियासोत डेम में 15 फरवरी को एयरो मॉडलिंग, पतंगबाजी, वॉटर स्पोर्टस सेंटर में तैराकी, मैराथन, मछुआरों के लिये डोंगा रेस प्रतियोगिता होगी। इसी सेंटर में 15 से 16 फरवरी तक राज्य-स्तरीय सेलिंग प्रतियोगिता, 14 से 16 फरवरी राष्ट्रीय कयाकिंग-केनोइंग एवं केनो-पोलो प्रतियोगिता, 16 फरवरी को जेट-स्की का आयोजन होगा।

संस्कृति विभाग

झील महोत्सव में 15 फरवरी को संस्कृति संचालनालय के संयोजन में विख्यात पार्श्व गायक श्री मीका सिंह का गायन रात्रि 8 बजे से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। आयोजक भोपाल झील महोत्सव समिति होगी। दूसरे दिन 16 फरवरी को भारत भवन के बहिरंग में रात्रि 8 बजे से लोकप्रिय बेण्ड ‘इण्डियन ओशन’ की सांगीतिक प्रस्तुति होगी।

एप्को

महोत्सव के अवसर पर एप्को (पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन) भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। एप्को के तत्वावधान में झील एवं तालाबों के संरक्षण विषय पर एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 14 एवं 15 फरवरी को होटल लेक व्यू अशोका में किया जायेगा। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 14 फरवरी को प्रात: 9.30 बजे करेंगे। कार्यक्रम के अध्यक्ष आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा विशेष अतिथि होंगे। अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय-स्तर की संस्थाएँ मुख्यत: तालाबों की अंतर्राष्ट्रीय रामसार संधि के स्विटजरलेण्ड स्थित सचिवालय, अंतर्राष्ट्रीय लेक इन्वायरनमेंट कमेटी-जापान, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी),आईयूसीएन-नई दिल्ली, यूनेस्को-नई दिल्ली, वेटलेण्ड इंटरनेशनल साउथ एशिया-नई दिल्ली, इंस्टीट्यूट ऑफ हेबिटॉट स्टडीज-नीदरलेण्ड एवं भारतीय वन प्रबंध संस्थान-भोपाल नॉलेज पार्टनर के रूप में इस सम्मेलन में सहयोग कर रही हैं।

एप्को पर्यावरण अध्ययन संस्थान द्वारा 14 से 16 फरवरी तक झील संरक्षण विषय पर एक 3 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन संस्थान परिसर में किया जायेगा। प्रशिक्षण में विभिन्न विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन एवं लगभग 160 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे।

झील महोत्सव में ईको क्लब, विद्यार्थियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिये जल तरंग (बोट क्लब के पास)राज्य-स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करेगा। प्रतियोगिता के पूर्व राज्य के समस्त जिलों में जिला-स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थी राज्य-स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिये 14 फरवरी को जल-तरंग में उपस्थित होंगे। चित्रकला प्रतियोगिता के विषय जल-संरक्षण, झील सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण है तथा भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘जल ही जीवन’ है। प्रतिभागियों को 15 फरवरी को वन विहार एवं बड़े तालाब के आसपास की परिस्थिति की जानकारी देकर भ्रमण करवाया जायेगा। विजेता विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षक प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के सभागृह में अपरान्ह 3 बजे पुरस्कृत किया जायेगा।