लोकरंग संस्कृति, कला और परम्पराओं का अनूठा आयोजन: राज्यपाल श्री यादव ने किया शुभारंभ

 

 

भोपाल : सोमवार, जनवरी 27, 2014, 19:20 IST
 

राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने गणतंत्र दिवस पर आयोजित लोकरंग उत्सव में प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह देश का अपनी तरह का अनूठा और एकमात्र आयोजन है। सभी राज्यों से आये कलाकार दल और शिल्पियों को अपने प्रदेश की पारम्परिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंग में देख कर ऐसा अनुभव हो रहा है जैसे पूरा भारत बस गया है। राज्यपाल श्री यादव ने द्वीप जला कर लोकरंग का शुभारम्भ किया।

श्री यादव ने आशा व्यक्त की कि इस मंच से साम्प्रदायिक सद्भावना सुदृढ़ होगी और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश विश्व के कोने-कोने में पहुँचाने में सहायता मिलेगी। इससे आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति के स्वरूप को देखकर अपने जीवन में नैतिक मूल्य और सांस्कृतिक सभ्यता से परिचित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का सही दर्शन यही है। विविधता में एकता हमारे देश की संस्कृति है। सांस्कृतिक विरासत ही सही अर्थों में देश की धरोहर है। इसका निरंतर संरक्षण और विकास सुनिश्चित करना सभी देशवासियों का कर्त्तव्य है।

राज्यपाल श्री यादव ने इस अवसर पर देश की विभिन्न विभूतियों को राष्ट्रीय सम्मान वर्ष 2009-10 से सम्मानित किया। राष्ट्रीय मैथिली शरण गुप्त सम्मान से डॉ. नरेन्द्र कोहली (नई दिल्ली), राष्ट्रीय इकबाल सम्मान से डॉ. चन्द्रभान खयाल (नई दिल्ली), राष्ट्रीय तुलसी सम्मान से बाबा जयराम दास व्यास (अयोध्या), राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान से श्रीमती सर्वजीत कौर शर्मा (जालंधर) को सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर लाल परेड़ ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में सैन्य बलों की टुकड़ियों को सम्मानित किया। सैन्य बलों में आर.ए.एफ को पहला पुरस्कार,सी.आई.एस.एफ को दूसरा पुरस्कार और हॉक फोर्स को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अर्ध सैन्य बलों में भूतपूर्व सैनिक एवं खेल विभाग को पहला पुरस्कार, एन.सी.सी नेवल विंग को दूसरा तथा एन.सी.सी आर्मी विंग गर्ल्स को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। झाँकी में खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग को पहला पुरस्कार, सामाजिक न्याय को दूसरा पुरस्कार तथा जेल विभाग को तृतीय पुरस्कार दिया गया।