राज्यपाल श्री रामनरेश यादव ने भोपाल के लाल परेड मैदान मे किया ध्वजारोहण

राज्यपाल श्री रामनरेश यादव द्वारा ध्वजारोहण

हर्षोल्लास से मना राजधानी में गणतंत्र दिवस

भोपाल : रविवार, जनवरी 26, 2014, 15:42 IST
 

राज्यपाल श्री रामनरेश यादव ने भोपाल के लाल परेड मैदान में राज्य-स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की MP GOVERNER 1सलामी ली। राजधानी में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। इसके बाद राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया। हर्ष फायर किये गये। परेड द्वारा सलामी दी गई।

राज्यपाल श्री रामनरेश यादव ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों के नाम अपने संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। खेल विभाग के घुड़सवारों ने अपने कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया।

गणतंत्र दिवस समारोह की गरिमामयी परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी सुश्री ईशा पंत ने किया। मुख्य परेड में आर.ए.एफ., सी.आई.एस.एफ., मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल, जिला बल एवं शासकीय रेलवे पुलिस, हॉक फोर्स, मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल, जिला महिला बल, मध्यप्रदेश होमगार्ड, जेल विभाग, वन विभाग, भूतपूर्व सैनिक, एन.सी.सी. एयर विंग, सीनियर डिवीजन एन.सी.सी. आर्मी विंग, गर्ल्स, स्काउट ब्वाएज, गाइड गर्ल्स, पुलिस ब्वाएज, खेल प्लाटून, पुलिस बेंड, श्वान दल और अश्वारोही दल के कंटीजेंट ने परेड का आकर्षक प्रदर्शन किया।

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में विकास को प्रदर्शित करने वाली बहुरंगी झाँकियाँ, प्रदेश के पारम्परिक लोक नृत्य और अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, संस्कृति के रंग, माँ तुझे प्रणाम, अनेकता में एकता की मनमोहक प्रस्तुति की गई।

इस वर्ष प्रदेश की प्रगति और भावी योजनाओं के विविध आयाम को समाहित करते हुए ‘महिला सशक्तिकरण’ मुख्य विषय पर केन्द्रित विभिन्न विभाग और संस्थान की झाँकियाँ प्रदर्शित की गई। इन झाँकियों में शासन की योजनाओं और सार्थक उपलब्धियों तथा भावी लक्ष्य को प्रस्तुत किया गया। झाँकियों के अलावा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक स्कूली छात्र-छात्राओं के नृत्य और कोरकू जनजाति के गदली लोक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर आयोजित परेड में प्रथम स्थान रेपिड एक्शन फोर्स, द्वितीय सी.आई.एस.एफ. और तृतीय हॉक फोर्स कंटीजेंट को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार अन आर्म्ड फोर्स में प्रथम स्थान भूतपूर्व सैनिक और खेल दल, द्वितीय एन.सी.सी. नेवल विंग और तृतीय स्थान सीनियर डिवीजन एन.सी.सी. गर्ल्स को प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में प्रथम स्थान कार्मल कान्वेंट गर्ल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल बीएचईएल भोपाल, द्वितीय शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुलसी नगर और तृतीय स्थान स्कालर होम पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डि सा, पुलिस महानिदेशक श्री नंदन दुबे के साथ राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।