मूंगफली मिल की दीवार गिरने से 4 मजदूरों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं



शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक मिल की दीवार गिरने से चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे से मजदूरों के शवों को बाहर निकाला। मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि मिल में यह हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर मूंगफली का दाना बीनने का काम कर रहे थे। अचानक मिल की दूसरी मंजिल की दीवार मजदूरों के ऊपर भरभराकर गिर गई। सभी मजदूर इसके नीचे दब गए। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करैरा-झांसी फोरलेन हाइवे पर ग्राम शिवपुरा के पास दशरथ साहू की मूंगफली की दो मंजिला मील है। इस मील में मजदूर मूंगफली का दाना बीनने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मील की दूसरी मंजिल की दीवाल मजदूरों के ऊपर गिर गई। मलबे के नीचे दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में सोनम पत्नी महेश केवट 30 वर्ष निवासी चिन्नौद, अर्चना पत्नी गोवर्धन परिहार उम्र 30 वर्ष निवासी शिवपुरा, राजकुमारी पत्नी मायाराम साहू 35 वर्ष निवासी शिवपुरा और संजू पुत्र बालकिशन लोधी 32 वर्ष निवासी हिम्मतपुर पिछोर के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दीवार के मलबे में दबे चारों मजदूरों के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। हादसे में जान गंवाने वाली राम कुमारी साहू के पति मायाराम ने मिल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मिल का निर्माण बिना पिलर के किया गया था। मिल की छत पर करीब 10 फीट तक मूंगफली की बोरियां का ढेर रखा था। इस कारण दीवारें बोरियों का भार नहीं सह सकीं और छत ढह गई।

मायाराम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा तब तक लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। मैं अस्पताल पहुंचा तब तक मेरी पत्नी की मौत हो चुकी थी। वहीं गाड़ी से मूंगफली उतारने आए विनोद लोधी ने बताया कि काम करने वाले लोग गाड़ी से बोरे उतारकर मिल की छत पर ले जाकर रख रहे थे। जैसे ही मैं मिल के गेट पर पहुंचा उसी समय एक मजदूर ने छत पर बोरा रखा। इसके बाद अचानक छत और उस पर रखे सेकड़ों बोरे भरभरा कर मजदूरों पर गिर पड़े। मामले को लेकर करैरा थाना प्रभारी सतीश चौहान ने बताया कि मिल के मालिक से पूछताछ की जा रही है।