शिवराज को मिलेगा इंडिया बिजनेस लीडरशिप पुरस्कार . टीव्ही 18 ग्रुप करेगा सम्मान..

मध्यप्रदेश बना स्टेट ऑफ दि ईयर

मुख्यमंत्री श्री चौहान को मिला इंडिया बिजनेस लीडरशिप पुरस्कार

भोपाल : शुक्रवार, दिसम्बर 27, 2013, 16:08 IST

सी.एन.बी.सी. टी.वी.-18 ने इस वर्ष के अपने प्रतिष्ठापूर्ण पुरस्कार इंडिया बिजनेस लीडरशिप के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को चुना है। पुरस्कार के लिये बनायी गयी देश के विशेषज्ञों की जूरी ने श्री चौहान के नेतृत्व की सराहना करते हुए मध्यप्रदेश को स्टेट ऑफ ईयर चुना है।

पुरस्कार के लिये देश के कॉरपोरेट जगत की नामी हस्तियों की जूरी बनाई गई थी जिसमें श्री दीपक पारेख, नैना किदवई, ए.एम. नायक, विमल जालान, अरुण मिश्रा, के.एम. बिरला, राघव बहल शामिल थे।

जूरी ने प्रेरणादायी सोच, राजनीतिक मार्गदर्शन, अथक प्रतिबद्धता को लीडरशिप आकलन का मापदंड बनाया। जूरी ने पाया कि इन मापदंडों पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी मेहनत से मध्यप्रदेश को देश के कार्पोरेट नक्शे पर खड़ा किया है। जूरी ने यह भी आकलन किया कि कार्पोरेट क्षेत्र में विशिष्ट स्थान हासिल करने के साथ ही समाज के प्रति जिम्मेदार और सचेत रहते हुए ऐसी आर्थिक नीतियाँ बनायी हैं जिसमें मध्यप्रदेश का तेजी से विकास हुआ है।

उल्लेखनीय है कि सी.एन.बी.सी. टी.वी.-18 ने भारत की कार्पोरेट दुनिया में उद्यमिता और उद्यमशीलता को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की है। इस दिशा में व्यापार-उद्योग और राजनीतिक क्षेत्र के ऐसे व्यक्तित्व और उनकी उपलब्धियों को चुना जाता है जिसने अपने उत्कृष्ट कार्यों, उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता से विकास के उच्च मापदंड स्थापित किये हैं।

200px-Shivraj-Singh-Chauhanआज यहाँ मंत्रालय में मंत्रीगण तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में जैसे ही मुख्य सचिव ने सी.एन.बी.सी. टी.वी.-18 की ओर से इस संबंध में भेजा गया पत्र पढ़कर सुनाया मीटिंग हाल तालियों से गूँज उठा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह अवार्ड टीम मध्यप्रदेश के सामूहिक प्रयासों की सराहना है।

सी.एन.बी.सी. टी.वी.-18 द्वारा मुम्बई के ट्रायडेन्ट ओबेराय होटल में 13 जनवरी 2014 को एक भव्य समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इसके लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।