भोपाल सहित जिला मुख्यालयों पर पूरी गरिमा से मना स्वतंत्रता दिवस

mp-flag
mp-flag

भोपाल 15 अगस्त

  • किस जिले मे किसने फरहाया राष्ट्रीय ध्वज 

स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में हुए मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्र ध्वज फहराया एवं अपने संदेश का वाचन किया। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलों में हुए समारोह में मंत्रियों एवं जिला कलेक्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। समारोह में राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतिकरण के साथ ही आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।

होशंगाबाद जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। श्री शर्मा ने परेड गारद का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली। समारोह में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

सीधी में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद मार्च-पास्ट की सलामी ली। डॉ. सिंह ने समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने रायसेन जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली। श्री गौर ने स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। सुरक्षा-बल द्वारा हर्ष फायर एवं राष्ट्र-गान की धुन प्रस्तुत की गई। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

वन मंत्री श्री गौरीशंकर शेजवार ने विदिशा में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। मध्यप्रदेश गान का गायन बच्चों ने किया। साथ ही आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत हुए।

विधि-विधायी एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले ने स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पन्ना में गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।

लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह ने हरदा जिले में स्वतंत्रता दिवस पर हुए मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर शानदार मार्च-पास्ट का आयोजन किया गया। श्री सिंह ने इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

रीवा में जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने एसएएफ ग्राउण्ड पर ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। समारोह में जवानों ने हर्ष फायर के साथ आकर्षक मार्च-पास्ट की प्रस्तुति दी। शालेय विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम और ‘सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ एवं ‘मध्यप्रदेश गान” प्रस्तुत किया। समारोह में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, राष्ट्र-प्रेम, वन-संरक्षण, जल-संरक्षण, स्कूल चलें हम अभियान एवं जननी सुरक्षा पर केन्द्रित झाँकी निकाली गई।

दतिया जिले के स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड के निरीक्षण के बाद श्री मिश्रा ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कारगिल के शहीदों के परिजन का सम्मान भी किया।

इंदौर जिला मुख्यालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकरआकर्षक मार्च-पास्ट की सलामी ली। श्री विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य संस्था प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया गया।

राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री श्री रामपाल सिंह ने नरसिंहपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिला मुख्यालय पर हुए समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। समारोह में परेड दल ने हर्ष फायर किया और संयुक्त परेड में मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथ को सलामी दी। स्कूल के विद्यार्थियों ने व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिये शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने उज्जैन में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और मौजूद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं मीसाबंदियों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

बड़वानी में श्रम मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। श्री आर्य ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने मार्च-पास्ट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे पुलिस-बल को पुरस्कृत किया। श्री आर्य ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली शिक्षण संस्थाओं एवं श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। समारोह में शहीद के परिजन भी सम्मानित हुए।

ग्वालियर जिला मुख्यालय में महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने झण्डा-वंदन कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं कारगिल युद्ध में शहीद जवानों की विधवाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

सागर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में झण्डा-वंदन किया। उन्होंने परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। श्री भार्गव ने बेहतर सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों और मलखम्ब का प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक दल को 20-20 हजार रुपये के नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

शिवपुरी में वाणिज्य, उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने पुलिस परेड ग्राउण्ड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने जिले के वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर का शॉल-श्रीफल देकर सम्मान किया।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री कुँवर विजय शाह ने खण्डवा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने जिला मुख्यालय पर समारोह में परेड की सलामी ली। श्री शाह ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

उमरिया जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह में आदिम-जाति कल्याण मंत्री श्री ज्ञान सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम दिये गये संदेश का वाचन किया। आकर्षक मार्च-पास्ट में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बेण्ड-दल ने देशभक्ति गानों की धुन प्रस्तुत की। कारगिल युद्ध में शहीद श्री सीताराम रघुवंशी की पत्नी श्रीमती शांतिबाई और मीसाबंदी श्री वीरेन्द्र सिंह चन्देल को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। शालेय छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

जबलपुर जिला मुख्यालय में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री शरद जैन ने तिरंगा फहराया और रस्मी परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। समारोह में मुख्य अतिथि ने सभी परेड कमाण्डर को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर तैयार किये गये सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजन का सम्मान किया गया।

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने भिण्ड के परेड ग्राउण्ड पर ध्वजारोहण किया। शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये और स्वतंत्रता दिवस अमर रहे नारे के साथ परेड की टुकड़ियों ने हर्ष फायर किया। श्री आर्य ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद सैनिकों की विधवाओं को सम्मानित किया।

देवास जिला मुख्यालय पर हुए समारोह में संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया। समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुरक्षा-बल एवं विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। मेधावी छात्रों को भी पुरस्कार दिये गये। उत्कृष्ट शासकीय सेवकों का सम्मान किया गया।

स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने स्वतंत्रता दिवस पर मंदसौर में झण्डा-वंदन किया। उन्होंने मार्च-पास्ट की सलामी ली और सलामी गारद का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम जारी संदेश का वाचन किया। समारोह में गायत्री परिवार की ओर से महिला बेण्ड की प्रस्तुति हुई। स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं मीसाबंदियों का सम्मान भी किया गया।

बालाघाट, अनूपपुर, नीमच, झाबुआ, राजगढ़, आगर-मालवा, बैतूल, रतलाम, शहडोल, छिन्दवाड़ा, श्योपुर, छतरपुर, सतना, सिंगरोली, धार, डिण्डोरी, गुना, शाजापुर और मंडला जिले में स्वतंत्रता दिवस पर हुए समारोह में जिला कलेक्टर ने झण्डा-वंदन कर परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।