ओला-वृष्टि पीड़ित किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर राहत दी जायेगी : शिवराज

 

किसानों की आँखों में आँसू नहीं आने दूँगा 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया विदिशा जिले का दौरा

भोपाल : सोमवार, मार्च 3, 2014, 19:45 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ओला-वृष्टि से पीड़ित किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ राहत प्रदान की जायेगी। सरकार इसके लिये कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस विपदा के कारण किसानों की आँखों में आँसू नहीं आने दूँगा। मुख्यमंत्री आज विदिशा जिले के ओला-वृष्टि से प्रभावित ग्रामों का दौरा करने के बाद ग्राम मूडरा एवं नौलास में किसानों की सभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान विदिशा जिले के ग्राम शमशाबाद और बाढ़ेर पहुँचे। उन्होंने पीड़ित कृषक विशन सिंह, ज्ञान सिंह के खेतों में जाकर फसलों को ओला-वृष्टि से पहुँची क्षति देखी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ओला-वृष्टि से प्रदेश के 20 हजार से अधिक गाँव प्रभावित हुए हैं। प्राकृतिक आपदा से ऐसी बर्बादी उन्होंने कभी नहीं देखी। श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने इस विपदा को चुनौती के रूप में स्वीकार कर किसानों के हित में ऐसे फैसले लिये हैं, जो आज तक किसी भी सरकार ने नहीं लिये। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो विकास कार्यों से पहले पीड़ित किसानों को अधिक से अधिक राहत दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने किसानों को बताया कि 50 प्रतिशत या इससे अधिक नुकसान जिन फसलों को पहुँचा है, उन किसानों को एक रुपये किलो गेहूँ और चावल दिया जायेगा। बैंकों और साहूकारों की ऋण वसूली स्थगित कर दी गई है। जो साहूकार किसानों से जबरन वसूली करता पाया जायेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान को इस मौके पर विदिशा एसएटीआई इंजीनियरिंग कॉलेज के अध्यापकों और कर्मचारियों द्वारा ओला-प्रभावित किसानों की सहायता के लिये एकत्रित 65 हजार की राशि का चेक मुख्यमंत्री सहायता कोष के लिये दिया गया।

cm shiraj in raisen

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रायसेन जिले के ओला-प्रभावित गाँव का दौरा किया

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा, राजगढ़ के बाद रायसेन जिले के ओला-प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। श्री चौहान रायसेन जिले के ग्राम छातेर पहुँचे और उन्होंने कृषक योगेन्द्र के खेत में जाकर ओला-वृष्टि से नष्ट हुई गेहूँ और चने की फसल देखी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों से कहा कि वे अपने आप को असहाय या अकेला न समझें। दु:ख की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को मुआवजे के साथ-साथ हर तरह की मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि फसलों के नुकसान के साथ-साथ गाय, भैंस, बकरी, मुर्गा, मुर्गी, चूजे और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई की भी सरकार व्यवस्था करेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार मदद करे या न करे राज्य सरकार किसानों की मदद के लिये कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।