CG News: रिसेप्शन के लिए हो रहे थे दूल्हा-दुल्हन तैयार, कमरे में मिली दोनों की लाश

रायपुर. राजधानी में हत्या की हैरान कर देने वाली घटना घटी है। 2 दिन पहले जिस कपल की लव मैरिज हुई, मंगलवार की रात दोनों की लाशें मिली हैं। घर के कमरे में दोनों खून से लथपथ मिले। नई नवेली दुल्हन के सीने पर वार किया गया, दूल्हे की गर्दन पर भी बड़ा कट है। माना जा रहा है पति-पत्नी के बीच विवाद में पहले पति ने युवती पर वार किया फिर लड़की ने भी उस पर हमला किया होगा और दोनों की मौत हो गई। यह वारदात मंगलवार शाम के वक्त हुई। दूसरी तरफ मंगलवार शाम ही रिसेप्शन था। रायपुर शहर के शास्त्री बाजार स्थित सीरत मैदान में रिसेप्शन की तैयारियां हो चुकी थी। पंडाल सजा हुआ था और मेहमानों के खाने का बंदोबस्त किया गया था। मगर दावत से पहले यह आफत इस परिवार पर टूटी और खुशियों का माहौल गम में बदल गया। ये भी अंदेशा जताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने जान दे दी है।

रायपुर शहर के टिकरापारा पुलिस इस पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है।CSP राजेश चौधरी ने बताया कि दोनों ने कमरा अंदर से बंद किया था और चीखने की आवाज के बाद दोनों मृत मिले। घटना कैसे घटी इसकी जांच कर रहे हैं।

IMG 20230222 WA0005

मामला रायपुर के संतोषी नगर इलाके से लगे बृज नगर का है। यहां रहने वाला 24 साल का असलम 2 दिन पहले ही दूल्हा बना था। राजातालाब इलाके की रहने वाली कहकशां बानो के साथ असलम का निकाह 19 फरवरी को हुआ था। बृज नगर स्थित मकान के कमरे से दोनों की लाश मिली है। ये मकान असलम का ही था।

शास्त्री मार्केट के सीरत मैदान में जहां रिसेप्शन की तैयारी थी, दुल्हन की मौत की खबर मिलते ही लड़की वालों ने बवाल कर दिया। लड़की वालों ने दावत की जगह पर जमकर तोड़फोड़ की। पंडाल तोड़ दिया गया। स्टेज में भी तोड़फोड़ की गई। यहीं से कुछ लोगों ने पुलिस को खबर दी और मौके पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई, ताकि दंगे के हालात ना बने। लड़की वाले लड़के वालों पर साजिशन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।