वॉट्सऐप स्टेटस ने पहुंचाया जेल, जानिए वजह?

बेंगलुरु। कर्नाटक के बागलकोट जिले में एक 25 साल की महिला को वॉट्सऐप स्टेटस के चलते हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने स्टेटस में पाकिस्तान को उसके गणतंत्र दिवस पर बधाई दी थी। महिला मुधोल की रहनी वाली हैं औऱ पड़ोस में स्थित मदरसे में पढ़ाती हैं। अधिकारियों के मुताबिक महिला ने उर्दू में वॉट्सऐप का स्टेटस लिखा था, ‘अल्लाह हर मुल्क में इत्तिहाद, अमन सुकून अता फरमा मौला।’ उनके इस स्टेटस पर एतराज जताते हुए एक एक्टिविस्ट अरुण कुमार भजनत्री ने मुधोल पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज की जिसके चलते पुलिस ने महिला का हिरासत में ले लिया, लेकिन अगले ही दिन उन्हें जमानत भी मिल गई।

भजनत्री ने महिला का मकसद जातीय तनाव भड़काना बताते हुए उन पर राजद्रोह का आरोप लगाने की मांग की। पुलिस ने महिला पर भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए (धर्म, नस्ल या अन्य वजहों से समूहों के बीच घृणा को उकसाना) और 505 (2) ( धर्म, जाति और अन्य वजहों से दो समूहों में नफरत को उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताई फौरन कार्रवाई की वजह

पुलिस का कहना है कि महिला को शांति कायम रखने के लिए हिरासत में रखा गया था। पुलिस का कहना था कि, महिला के स्टेटस शायद पाकिस्तान के गणतंत्र दिवस पर उसे दी गई बधाई हो सकती है, अगर वह तुरंत कार्रवाई नहीं करते तो दंगे भड़क सकते थे। वहीं सूचना के अधिकार के कार्यकर्ता और पेशे से वकील का कहना है कि, भजनत्री का आरोप अदालत में एक दिन भी नहीं टिकेगा, वहीं उन्होंने पुलिस पर निर्दोष लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया है।