अवैध संबंध के शक में युवक व महिला को निर्वस्त्र कर एक किलोमीटर तक घुमाया, वायरल किया वीडियो; चार गिरफ्तार

दुमका। अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए युवक और एक औरत को तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया था। अब इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह शर्मनाक घटना सोमवार की शाम दुमका जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांदो इलाके के बड़तल्ली पंचायत के मयूरनाचा गांव में हुई थी। लोगों ने इस प्रेमी युगल को नग्न घुमाने का विडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद पीड़ितों ने सोमवार की देर रात मुफ्फसिल थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई थी। बताया जा रहा है कि शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी को भीड़ ने निर्वस्त्र कर करीब एक किमी तक नंगा घुमाया था।

दरअसल मयूरनाचा गांव में उक्त पीड़ित महिला की ससुराल है। महिला का पति किसी मामले में करीब एक साल से दुमका जेल में है। वह दुमका में मजदूरी कर अपना और अपने तीन बच्चों का परवरिश करती है। मजदूरी करने के दौरान ही उसका संपर्क कोल्हड़िया गांव के एक युवक से बन गया। वह युवक भी शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता बताया जाता है। सोमवार की शाम को वह युवक महिला से मिलने के लिए उसके घर आया था। गांव के चार-पांच युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। गांव के करीब 50-60 लोग जमा हो गए। लोगों ने महिला और उस युवक के कपड़े उतरवाए। दोनों को नंगा कर गांव में घुमाते हुए गांव से बाहर ले गए। बता दें कि दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं।

हालांकि, मयूरनाचा गांव से सटे सकरभंगा गांव के कुछ लोगों ने जब इस शर्मनाक कृत्य को देखा तो विरोध किया, इस बीच दुमका मुफस्सिल थाना की पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो वह तुरंत हरकत में आई। मौके पर पहुंच कर महिला और उक्त युवक को ग्रामीणों की चंगुल से छुड़ा कर दुमका मुफस्सिल थाना ले आई। दुमका मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश राम के अनुसार इस मामले में 4 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना में केस दर्ज किया गया है जिनमें से चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।