10 महीने पहले की लव मैरिज, अब दूसरे युवक से महिला ने कर ली शादी, बेवफा पत्नी का वीडियो देख उड़े पति के होश

यूपी के कानपुर में एक महिला ने अपने ही पति को धोखा देकर दूसरे युवक से शादी कर ली। महिला ने 10 महीने पहले ही पति से प्रेम विवाह किया था। 10 महीने के बाद महिला की दूसरी शादी की खबर से पति सन्न रह गया। पति को इसकी जानकारी तब हुई जब उसने अपनी पत्नी का एक वीडियो देखा। वीडियो देखते ही पति के होश उड़ गए। इसके बाद पति को पत्नी की असलियत की जानकारी हुई। पत्नी द्वारा धोखा दिए जाने की शिकायत लेकर पति पुलिस थाने पहुंचा, यहां उसने सारी बात बताई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मामला कानपुर जिले के बाबूपुरवा का है। यहां के रहने वाले अमित शर्मा ने पुलिस को बताया कि गोविंद नगर कच्ची बस्ती की रहने वाली रुचि वर्मा से उसका प्रेम प्रसंग था। दोनों काफी दिनों से एक-दूसरे को पसंद कर रहे थे। प्रेम संबंधों के बीच दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। पिछले साल लॉकडाउन में चार जून को आर्यसमाज मंदिर में घर वालों की रजामंदी से दोनों ने शादी कर ली। कोरोना काल में हुई इस शादी में घर के पांच लोग ही मौजूद थे। आर्य समाज मंदिर में हुई इस शादी का उसके पास सर्टिफिकेट भी मौजूद है।

पीड़ित अमित ने बताया कि प्रेम विवाह के बाद वे दोनों खुशी-खुशी एक साथ जीवन गुजार रहे थे। शादी के बाद चार महीने बाद पत्नी की मां उसके घर आ गई और 23 सितंबर को परिवार में शादी होने की बात कहकर उसकी पत्नी को साथ ले गईं। पत्नी रुचि अपने साथ घर से 50 हजार की नगदी और जेवरात भी साथ ले गई थी। मायके जाने के कुछ दिन बाद जब उसने पत्नी रुचि को फोन किया तो उसका फोन बंद मिला। फिर वह पत्नी को लाने के लिए ससुराल पहुंचा। यहां पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। उसने पत्नी को काफी समझाया-बुझाया लेकिन वह नहीं मानी। पत्नी बेवफाई से परेशान होकर उसने जांच पड़ताल शुरू की तो मामला बेहद संदिग्ध निकला।

अमित ने पुलिस को बताया कि पत्नी के बारे में जानकारी जुटाते-जुटाते वह आर्यसमाज मंदिर में पहुंचा, यहां उसे पत्नी की दूसरी शादी का वीडियो मिला। वीडियो देखकर उसके होश उड़ गए। तब उसे पता चला है कि उसकी पत्नी ने बिना तलाक दिए ही दूसरे व्यक्ति से उसने शादी कर ली है। पीड़ित ने पुलिस को बताया उसकी पत्नी ने दो जुलाई 2021 को दूसरे व्यक्ति से शादी की है। पीड़ित ने पत्नी और उसके परिवार वालों पर ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस में तहरीर दी है। पीड़ित का आरोप है कि रुचि अब तक तीन शादियां कर चुकी है। मामले में जब पुलिस से जानकारी चाही गई तो उसने बताया कि पति की शिकायत की जांच की जा रही है। आठ महीने पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद थाने में आया था तब दोनों में समझौता हो गया था। अब पति ने बगैर तलाक के शादी करने और घर से पैसे ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।