Husband And Wife Hanged : मामूली विवाद पर साड़ी से झूल गई पत्नी, बर्दाश्त नहीं कर सका पति तो जैकेट से लगा ली फांसी

गिरिडीह। कभी-कभार छोटी-मोटी बात भी बड़ी घटना का कारण बन जाती है। गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बजटो पंचायत के सिमरिया गांव में ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक विवाहिता ने  अपने घर में साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। पत्नी की मौत से घबराए पति ने भी अहले सुबह पास के पेसराटांड जंगल मे जाकर अपने ही जैकेट को पेड़ में बांध फांसी पर लटक जान दे दी। मृतक महिला 20 वर्षीय मालती कुमारी है। वहीं, मृतक पति 28 वर्षीय विजय राय है। मालती कुमारी ने फांसी क्यों लगाई इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

मृतक मालती कुमारी के भाई ने बताया कि कुछ ही माह पूर्व दोनों की शादी हुई थी और दोनों का दाम्पत्य जीवन भी ठीक चल रहा था। कभी कोई विवाद भी नहीं हुआ था। कल ही मेरी बहन मालती कुमारी और उनका पति विजय राय मेरे घर से अपने ससुराल आयी थी। दोनों खुश थे फिर अचानक मेरी बहन ने फांसी क्यों लगाई इसकी कोई वजह नहीं मालूम है।

इस घटना को लेकर दोनों दोनों दंपती के परिजनों में मातम फैल गया है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि किन कारणों की वजह से इन दोनों ने फांसी लगाई। लेकिन, बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मामूली सी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद पहले महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिर बाद में सदमे में पति इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और उन्होंने भी आत्महत्या करके जीवन लीला समाप्त कर ली।

मामले की जानकारी मुफ्फसिल पुलिस को दी गयी। सूचना पाकर सहाय अवर निरीक्षक अशोक मंडल एवं राजेश्वरी देवी अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।