छत्तीसगढ़ः दो युवको को आपस में हुआ प्यार, शादी भी की, अब दुष्कर्म का लगा आरोप, 377 का मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़के ने दूसरे लड़के पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों लड़के एक दूसरे से प्रेम संबंध था। जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। लेकिन डेढ़ साल बाद दोनों अलग हो गए। वहीं अब पत्नी के रुप में रह चुके लड़के ने शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। इसके बाद कुनकुरी थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

युवक का आरोप है कि नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला सत्यनारायण यादव 2018 में स्कूल में उसके साथ पढ़ता था। इसी दौरान दोनों एक दूसरे के दोस्त बन गए। और उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी सत्यनारायण जुलाई में उसे अपने घर ले गया। जहां 2019 में उससे शादी कर ली। वह पीड़ित को हमेशा पत्नी की तरह रखता था। वो उसे हमेशा महिलाओं के कपड़े पहनने को कहता था। एक पत्नी की तरह ही घर के पूरे काम-काज कराता था।

पीड़ित ने बताया कि सत्यनारायण ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घर से भागने पर तंत्र-मंत्र कर उसे खत्म कर देने की बात भी कही। इस डर से पीड़ित ने उसकी पत्नी के रुप में रहना शुरू कर दिया। लेकिन, अप्रैल 2021 में युवक मौका मिलते ही घर से किसी तरह भाग गया।

पीड़ित ने बताया कि वह घर पंहुचने के बाद भी तंत्र-मंत्र की बात से डरा हुआ था। घर में रहते हुए तीन महीने बीत जाने के बाद भी जब युवक को कुछ नहीं हुआ तो उसे तंत्र मंत्र की बात झूठी लगी। इसके बाद पीड़ित ने कुनकुरी थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 377 का मामला दर्ज कर लिया है।

कुनकुरी टीआई भास्कर शर्मा ने बताया कि युवक ने अप्राकृतिक कृत्य करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सत्यनारायण के खिलाफ धारा 377 का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।