COVID-19 Update : देश में क्या है कोरोना की स्थिति, जानें अब तक का पूरी जानकारी

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 26,964 नए मामले पाए. इस समयावधि में 383 लोग कोविड से जंग हार गए जबकि 34,167 लोग रिकवर होकर घर लौट गए। मंत्रालय के अनुसार देश में फिलहाल 3,01,989 एक्टिव केस है, जबकि अब तक 3,27,83,741 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं 4,45,768 लोगों की मौत हो चुकी है। Mohfw के अनुसार देश में अब तक कोरोना के कुल मामले 33,085,730 हो चुके हैं। नए मामले पाए जाने के बाद एक्टिव केस में 7,586 मामलों की कमी दर्ज की गई है। उधर ICMR के अनुसार देश में मंगलवार को 15,92,395 सैंपल्स की जांच हुई। अब तक 55,67,54,282 सैंपल्स की जांच हो चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में अब तक कोविड-19 टीकों की 82,65,15,75 खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को 75,57,529 टीके लगाए गए। मंत्रालय ने कहा कि देश में सबसे कमजोर आबादी समूहों को कोविड से बचाने के लिए एक औजार के तौर पर टीकाकरण अभियान की नियमित समीक्षा की जाती है और उच्चतम स्तर पर निगरानी की जाती है। अब तक 61,49,67,986 को पहली खुराक और 21,09,08,670 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।

देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था और पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण पर बल दिया गया था। अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के लिए टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ था। टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों तथा 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के वैसे लोगों के लिए शुरू हुआ, जो किसी अन्य बीमारी से पीड़ित थे। देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया। उसके बाद सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का फैसला किया।