पाकिस्तान के बलूचिस्तान मे भूकंप….

कराची. पाकिस्तान के पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में कल शाम आए एक जबरदस्त भूकंप में कम से कम 217 लोग मारे गए, जबकि 350 से ज्यादा घायल हो गए हैं। भूकंप के कारण समुद्र में एक छोटा टापू भी बन गया है। रिक्टर पैमाने पर 7.8 की तीव्रता वाले भूकंप के कारण अवारान जिले में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां एक तिहाई घर नष्ट हो गए हैं। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता जान मुहम्मद बुलेदी ने बताया कि केच जिले से मलबा हटाने का काम अभी जारी है। बुलेदी ने बताया कि बलूचिस्तान सरकार ने 1000 टेंटों, 500 खाने के पैकेट और 15 एम्बुलेंस मौके पर भेजे हैं।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य प्रवक्ता मिर्जा कामरान जिया ने बताया कि अधिकतर जानें लोगों के ऊपर घर गिरने के कारण गयी हैं। बुलेदी के अनुसार प्रांत के छह जिले आवरान, केच, ग्वादर, खुजदर, चाघी और पंजगूर भूकंप से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी जिलों में लोगों की मदद के लिए आपातकाल लगा दिया गया है।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग के अनुसार भूकंप का केन्द्र पाकिस्तान के पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान के दलबंरिन के 142 मील दक्षिण-पूर्व में था। बलूचिस्तान के पड़ोसी प्रांत ¨सध में भी कराची, जकोबाबाद, खैरपुर और नवशेरो फिरोजपुर सहित अन्य शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारत की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि ग्वादर तट से करीब आधा किलोमीटर दूर अरब सागर में 30-40 फुट ऊंचा एक नया टापू उभर आया है।