फ़िर से अम्बिकापुर शहर की खूबसूरती बढ़ाएंगे तालाब… ये है निगम की प्लानिंग

अम्बिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में कई ऐसे तालाब हैं जिनका अस्तित्व खतरे में है। तालाबों की बदहाल स्थिति की वजह से इनका उपयोग वार्डवासी नहीं कर पा रहे है। ये तालाब अब स्वच्छ शहर का तमगा हासिल किए अम्बिकापुर के नाम पर दाग लगाने जैसा है। लेकिन अब स्थानीय लोगों की मांग पर नगर निगम इन तालाबों के अस्तित्व को बचाने के साथ स्वच्छ बनाने में जुट गया है।

अम्बिकापुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम सालाना करोड़ों खर्च करता है। बावजूद इसके निगम क्षेत्र में तालाबों की स्थिति कुछ खास नहीं है। शहर में कई ऐसे तालाब है जिनका अस्तित्व खतरे में है। वहीं वार्डवासी निस्तारी के लिए तालाबो का उपयोग करना तो दूर गंदगी से भी परेशान है। लोगों के द्वारा तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए कई बार नगर निगम से मांग की गई। लेकिन कॉफी समय बाद स्थानीय लोगों की मांग पर विचार करते हुए नगर निगम अब तालाबों के सौंदर्यकरण एवं निस्तारी योग्य बनाने में जुट गया है।

दरअसल, शहर के बाबूपारा स्थित जोड़ा तालाब में इन दिनों सौंदर्यकरण का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से तालाब की साफ-सफाई की जा रही है। इसके अलावा जोड़ा तालाब के चारों ओर बेरिकेट्स लगाकर घेराव किया जायेगा। साथ ही लाइट लगाकर तालाब का सौंदर्यकरण करने की योजना बनाई गई है। नगर निगम की इस पहल से एक तरह जहां वार्डवासियों को निस्तारी की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर जोड़ा तालाब के अस्तिव को भी बचाया जा सकेगा।