सूरजपुर : सड़क पर घायल पड़ा था कर्मचारी… कलेक्टर ने रोक दी गाड़ी… ख़ुद के वाहन से पहुंचाया अस्पताल..

सूरजपुर। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने मानवता की मिसाल पेश की है। अक्सर बड़े अफसरों की गाड़ियां सड़क पर पड़े कांच कुचलकर निकल जाया करती है। अपने प्रशासनिक सेवा के व्यस्त जीवन में ये बाहरी दुनिया अंदर से ही देख पाते है, लेकिन सूरजपुर कलेक्टर ने ऐसा काम किया है। जिसकी हर तरफ़ चर्चा हो रही है।

दरअसल, सूरजपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह शुक्रवार को प्रतापपुर ब्लॉक के रमकोला क्षेत्र के दौरे पर गए थे। जहां से वापसी के दौरान सोनगरा के पास एक एसईसीएल कर्मचारी सड़क दुर्घटना में घायल होकर सड़क किनारे पड़ा था। जिस पर नज़र पड़ते ही कलेक्टर ने अपने वाहन को रुकवाया और घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी से तत्काल भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहाँ घायल के व्यक्ति के प्राथमिक उपचार तक कलेक्टर वहीं रुके और भैयाथान क्षेत्र के बीएमओ को उपचार के लिए निर्देशित किया।

चिकित्सकों द्वारा घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि घायल व्यक्ति केवरा निवासी तिलकधारी राम है। जो एसईसीएल के शिवानी खदान में कार्यरत है। बहरहाल कलेक्टर ने अपनी गाड़ी से घायल को अस्पताल पहुंचाकर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। जिसकी क्षेत्र में कॉफी सराहना हो रही है।