सूरजपुर : नर दंतैल हाथी का सड़ा-गला शव मिला… मौक़े पर पहुंचा वन अमला

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार को एक नर दंतैल (टस्कर) हाथी का शव मिला है। शव सड़ी-गली हालत में था। आशंका है कि उसकी मौत करीब 10 से 12 दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है। हाथी की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रदेश में एक साल के दौरान 12 हाथियों की मौत हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि हाथी किस दल का है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के दरहोरा बीट के कक्ष क्रमांक 101 में नर हाथी का शव पड़े होने की सूचना वन विभाग को मिली थी। यह इलाका असनापारा व पकनी के बीच के जंगल के क्षेत्र का बताया जा रहा है। हाथी की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। हर बार की तरह चरवाहे से ही विभाग को हाथी के शव की जानकारी मिली। अफसरों का कहना है कि अंदरूनी क्षेत्र के चलते पता नहीं चला।