CG BIG BREAKING : सीआरपीएफ जवान ने साथियों पर बरसाई गोलियां…. 4 जवानों की मौत… 3 घायल

सुकमा। जिले में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपने ही साथियों पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में 4 जवानों की मौत हो गई और 3 जवान घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। घटना सुकमा जिले के मरईगुड़ा थाना इलाके के लिगम पल्ली सीआरपीएफ 50 बटालियन कैम्प में हुई। घटना रात तड़के करीब 3:30 बजे हुई। मौके पर CRPF के कई अधिकारी पहुंच गए है। वे उन जवानों के बीच हुए आपसी विवाद की वजह तलाश रहे हैं, जिसके चलते फायरिंग और हत्या जैसी घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ के जवान रितेश रंजन ने अचानक अपने साथियों पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। इसके बाद कैंप में हड़कंप मच गया। आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक जवानों के नाम धनजी, राजिब मंडल और राजमणि कुमार यादव हैं। चौथे मृतक जवान का नाम फिलहाल सामने नहीं आया है। बस्तर IG पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ये घटना तड़के करीब 3:30 बजे की है। गोली चलाने वाले जवान को काबू कर लिया गया है। पूछताछ के बाद ही मामला स्पष्ट होगा। IG सुंदरराज घटना स्थल के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हो गए हैं। वे मरईगुड़ा लिंगनपल्ली कैम्प जाएंगे।

सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सूचना मिलते ही सभी फोर्स से संपर्क किया गया। गोलीबारी में 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायलों को पास के उपचार केंद्र भद्राचलम ले जाया गया था। वहां, 2 जवानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके बाद घायलों को रायपुर ले जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि जवानों के बीच हंसी-मजाक चलता रहता है। लगता है आरोपी ने किसी मजाक की बात को गंभीरता से ले लिया। एक सवाल के जवाब में एसपी शर्मा ने कहा कि हम लोग जवानों के लिए ब्रेन मैपिंग का कार्यक्रम करते हैं। साइकोलॉजिस्ट, हेल्थ एक्सपर्ट्स आते हैं और जवानों का टेस्ट करते हैं। सीआरपीएफ भी इस तरह के कार्यक्रम करते रहते हैं। लेकिन, किसी के मन में क्या चल रहा है वो हम नहीं कह सकते। हम बार-बार जवानों से मिलते हैं, काउंसलिंग करते है, कल्चरल प्रोग्राम्स करते है। हमने हाल ही में फिल्म दिखाई, खेल खिलाए।