CG में लाखों लीटर पानी बहाने का तीसरा मामला: रेत तस्करों ने खोला शिवनाथ नदी का एनीकट, लाखों लीटर पानी बहा

राजनांदगांव. जिले में अवैध रेत तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद है कि वह अब डैम का पानी बहा कर भी नदी से रेत तस्करी में लगे हुए हैं। विभागीय कार्रवाई के अभाव में रेत तस्कर मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और लाखों लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। हाल ही में अवैध रेत तस्करी करने के लिए राजनांदगांव शहर के मोहारा एनीकट के पांच गेट खोलने का मामला सामने आया है। यहां भीषण गर्मी के बीच डैम का गेट खोल कर अज्ञात तस्करों के द्वारा लाखो लीटर पानी बहा दिया गया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में लाखों लीटर पानी बहाने का तीसरा मामला सामने आया है। इसके पहले कांकेर में मोबाइल निकालने सरकारी कर्मचारी ने लाखों लीटर पानी बहाया था। उसके बाद मछली पकड़ने के लिए जशपुर में लाखों लीटर डेम का पानी खाली करवा दिया गया। तीसरा मामला राजनांदगांव शहर का है। यहां के शिवनाथ नदी पर बने मोहारा एनीकट से शहर की लाखों जनता की प्यास बुझती है। इसके लिए नगर निगम द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए मोगरा बैराज सहित अन्य जलाशयों से जल लेकर पेयजल की आपूर्ति की जाती है। यहां सक्रिय अवैध रेत तस्कर शिवनाथ नदी से रेत निकालने के लिए मोहारा एनीकट के 5 गेट खोल दिए, जिसकी वजह से लगभग 4 इंच पानी बह गया है।

img 20230601 wa00046103999110414150920

इस मामले में सिंचाई विभाग द्वारा अज्ञात तस्करों के खिलाफ एफआईआर कराया गया है। वहीं नगर निगम की महापौर हेमा देशमुख का कहना है कि अज्ञात लोगों के द्वारा डैम का गेट खोला गया है। जिसकी जांच के लिए राजनांदगांव कलेक्टर के माध्यम से एक जांच कमेटी बनाई जा रही है और गेट खोलने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मोहारा एनीकट का गेट खोलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पांच गेट खोलने लगभग 1 घंटे का समय लग सकता है। अज्ञात रेत तस्करों के द्वारा इन गेट को खोलने के लिए भी पर्याप्त समय लगाया गया होगा। इसके बाद भी एनीकट की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को इसकी भनक नहीं लगी। वही इन गेट को खोलने के लिए किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।

img 20230601 wa00027572441099896760077

नगर निगम द्वारा भीषण गर्मी के बीच लोगों को पेयजल पहुंचाने जद्दोजहद की जा रही है। ऐसे में रेत की अवैध तस्करी के लिए रेत के तस्कर लाखों लीटर पानी बहा रहे हैं। एनीकट का गेट खोलने की जानकारी मिलने पर नगर निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए गेट बंद कराया गया है। वहीं अब इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच कर कार्यवाही किए जाने की बात कहीं जा रही है।