खैरागढ़ उपचुनाव के दूसरे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 1272 मतों से आगे… यहां देखें ताजा अपडेट्स

राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव की दूसरे चरण की मतगणना भी पूरी हो गई है। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी वर्मा 1272 मतों से आगे हुई। इस तरह दो चक्रों को मिलाकर उनकी बढ़त अब 2575 हो गई है। दूसरे चक्र में भाजपा के कोमल जंघेल को 2932 वोट मिले हैं।

उपचुनाव के लिए मतगणना का पहला दौर पूरा हो गया है। इसमें कांग्रेस की यशोदा वर्मा 1303 मतों से आगे है। कांग्रेस प्रत्याशी को 3898 और भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को 2595 वोट मिले हैं। कुल 6984 मतों की गिनती पहले चक्र में हुई है। इसमें से 134 वोट नोटा को मिला है।

इससे पहले डाक मतपत्रों की गिनती के लिए पेटियां खोली गई। डाक मतों की गिनती के बाद ईवीएम में पड़े वोटों की निगती शुरू की गई। कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में मतगणना की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

उपचुनाव में कुल 165978 वोट पड़े हैं। इनकी गिनती के लिए मतगणना स्थल बीज निगम के गोदाम में 14 टेबल लगाए गए हैं, जहां 21 चक्रों में मतगणना पूरी की जाएगी। इसके लिए 250 अधिकारी कर्मचारी लगाए गए हैं। हर टेबल में एक माइक्रो आब्जर्वर और दो कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। साथ में सभी प्रत्याशियों के एक-एक अभिकर्ता भी मतगणना स्थल पर मौजूद हैं।

खैरागढ़ क्षेत्र के लोगों को शनिवार को नया विधायक मिल जाएगा। जीतने वाला प्रत्याशी क्षेत्र के 17वें विधायक होंगे। 1957 से अस्तित्व में आए इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक 13 बार आम व चार बार उपचुनाव हुए हैं। अभी वाले उपचुनाव में कुल 10 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है।