रायपुर से दुर्ग जा रही बस में मिला 21 किलो सोना, पुलिस ने किया जप्त

Gold Found In The Bus: रायपुर का सोना दुर्ग पुलिस ने जब्त किया हैं। रायपुर से दुर्ग जा रही बस में दुर्ग पुलिस ने 21 किलो सोना जब्त किया हैं। जब्त सोने कि कीमत लगभग 15 करोड़ रुपए बताई जा रही हैं। सोना गांजे की तरह पैक करके एक बैग में भरा हुआ था। सोना मिलने पर दुर्ग एसएसपी अभिषेक पल्लव ने सराफा व्यापारियों से संपर्क किया। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सांखला ने पूरा सोना रायपुर के सर्राफा व्यापारियों का बताया, सोना रायपुर के सन एंड सन ज्वेलर्स और गोलछा ब्रदर्स के संचालक का हैं। दुर्ग पुलिस ने बिल देखकर सोना व्यापारियों के हवाले किया।

IMG 20230514 WA0019

मामले कि जानकारी देते हुए दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि 13 मई को दोपहर 3 बजे नवीन ट्रेवल्स के कंडक्टर ने दुर्ग कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि, बस में गांजा सप्लाई किया जा रहा है। एक काले रंग के बैग में कई बंडल में पैकेट बनाकर उसे रखा गया हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बस स्टैंड दुर्ग पहुंची, पुलिस ने बस में रखे बैग को चेक किया तो वो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उस बैग में लगभग 15 करोड़ रुपए के कीमत का 21 किलो सोना रखा हुआ था। पुलिस ने तुरंत पूरे सोने को जब्त किया और थाने ले आई। इसके बाद सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सांखला थाने पहुंचे। उनके साथ रायपुर के सन एन सन ज्वेलर्स और गोल्छा ब्रदर्स के संचालक भी वहां पहुंचे। उन्होंने पूरे सोने का बिल दिखाया और बताया कि, ये सोना मुंबई और जयपुर जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सोना उनके हवाले कर दिया।