पूर्व सीएम डॉ रमन ने कहा- हमने 6 महीने में 5 मुख्यमंत्री बदल दिया, छत्तीसगढ़ में सीएम बदलने की चर्चा पर ये कहा?

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस को भारतीय जनता पार्टी ने सेवा और समर्पण अभियान चलाकर मनाया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह भी शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने तो 6 माह में 5 मुख्यमंत्री ही बदल दिये, लेकिन मौजूदा भूपेश सरकार इस पर कोई निर्णय ही नहीं ले पा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आयोजित सेवा दिवस के कार्यक्रम के दौरान राजनांदगांव जिले में भाजपा ने रक्तदान कर मरीजों को फल वितरण किया।

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा पर एक सवाल का जवाब देते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि ढ़ाई-ढ़ाई साल का खेल अब खत्म हो जाना चाहिए। ऐसा लगता है कि बीते डेढ़ महीने से छत्तीसगढ़ में कोई मुख्यमंत्री नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने तो 6 माह में अपने 5 मुख्यमंत्री बदल दिया और पूरा मंत्रिमंडल ही बदल दिया। ये लोग एक में अटके हुए हैं। डॉ रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हित में हम यह चाहते हैं कि जिसे स्थाई तौर पर मुख्यमंत्री के रूप में बैठाना है, उस पर ठप्पा लगा लगा दो।