पहली बार छत्तीसगढ़ में 31 राज्यों के 152 पदाधिकारियों की बैठक, भाजपा तैयार कर रही 2024 का रोडमैप



रायपुर. राजधानी में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की अहम बैठक चल रही है। बैठक में शामिल होने 31 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रभारी सहित 152 पदाधिकारी रायुपर आए हुए हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक पहली बार छत्तीसगढ़ में आयोजित की गई। ये बैठक हर 3 माह में देश के अलग अलग राज्यों में होती है, पहली बार छत्तीसगढ़ में हो रही। बता दें कि मोर्चा की राष्ट्रीय प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी की मौजूदगी में कमल विहार स्थित माहेश्वरी भवन में बैठक हुई।

बैठक में सभी पदाधिकारियों से विधानसभाओं में अल्पसंख्यकों की संख्या और मजबूत नेताओं का डाटा लिया। दरअसल, चुनाव के पहले अल्पसंख्यकों के कद्दावर नेताओं को अपने पाले में करने की रणनीति पर भाजपा काम कर रही है।

दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डी सूजा, छत्तीसगढ़ माेर्चा प्रभारी मुहम्मद सद्दाम, सहप्रभारी डॉ. सलीम राज, आरिफ खान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पुरंदेश्वरी ने केंद्र की योजनाओं को घर- घर ले जाने का टास्क दिया है। पुरंदेश्वरी ने कहा, सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र हर घर तक पहुंचना चाहिए। कहा मोदी सरकार की नीति सबका साथ सबका विकास की है देश के विकास का यह मूलमंत्र सब तक पहुंचे। सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी सभी को सभी इसका लाभ ले सभी को यह प्रयास पूरी तत्परता के साथ करना है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि हर मंडल से लेकर एक- एक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को पहुंचाएं। घर- घर तक योजनाओं को लेकर जाएं ताकि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। सिद्दिकी ने अपने समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों के घरों में जाकर बैठक करने और केंद्र की योजनाओं की जानकारी देने के लिए कहा। सिद्दिकी ने कहा कि मुसलमानों को मोदी जी से डरना नहीं है, उन पर विश्वास करना है।

IMG 20230202 WA0001

बैठक की प्रमुख बाते रही कि तुष्टिकरण की राजनीति समाप्त होनी चाहिए, मोदी पर विश्वास किया जाना चाहिए। योजनाएं जाति-धर्म देखकर नहीं बल्कि सर्वधर्म के लिए बनती हैं।कांग्रेस ने मुसलमानों को वोट बैंक के रूप में उपयोग किया। मुसलमानों को हमेशा डराया गया कि भाजपा आएगी तो दंगे होंगे। पिछले 8 साल में मुसलमान देश में कितने सुरक्षित हैं, ये जगजाहिर है।

राष्ट्रीय कार्यसमिति आज भी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति 2 फरवरी को सुबह 10 बजे राजधानी के कमल विहार स्थित माहेश्वरी भवन में होगी। अंत में सभी प्रभारी और प्रदेश अध्यक्षों को आगामी एजेंडा दिया जाएगा। जिस पर वे अपने राज्य जाकर काम शुरू करेंगे।