बीरगांव नगरपालिका को नगर निगम बनाने जल्द होगा आबादी का आंकलन : डॉ. रमन सिंह

रायपुर 

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर के निकटवर्ती बीरगांव नगरपालिका को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए वर्तमान आबादी का जल्द से जल्द सर्वेक्षण करवाने का आश्वासन दिया है। डॉ. सिंह आज यहां अपने निवास परिसर के जनदर्शन कक्ष में पूर्व विधायक श्री नंदकुमार साहू के नेतृत्व में बीरगांव से बड़ी संख्या में आए नागरिकों के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा कर रहे थे। प्रतिनिधि मंडल में शामिल नागरिकों और नगरपालिका बीरगांव के पार्षदों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर नगरपालिका को नगर निगम का दर्जा दिलाने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगरपालिका क्षेत्र की आबादी लगभग 96 हजार है। विगत तीन साल में यह बढ़कर एक लाख छह हजार तक पहुंचने की संभावना है। वर्तमान नगरपालिका में 35 वार्ड हैं। परिसीमन में पांच वार्ड बढ़ रहे हैं। अब वहां चालीस वार्ड हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर एक लाख से ज्यादा जनसंख्या होगी, तो नगरपालिका को नगर निगम का दर्जा देने के बारे में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई जरूर की जाएगी। वार्डों की संख्या भी नगर निगम के हिसाब से पर्याप्त होगी। डॉ. सिंह ने कहा कि इस संबंध में जनसंख्या की ताजा स्थिति के आंकलन के लिए सर्वेक्षण करवाया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को इसके लिए धन्यवाद दिया। प्रतिनिधि मंडल में बीरगांव नगरपालिका के पार्षद सर्वश्री ओमप्रकाश साहू, संतोष वर्मा, मोती लाल देवांगन, मनोज वर्मा, अशोक बघेल, पतिराम साहू, परदेशी साहू, शंकर लाल साहू, श्रीमती गायत्री देवी, श्रीमती किरण, श्रीमती धर्मिन साहू, एल्डरमेन श्री राजू सेन और मदरसा बोर्ड के सदस्य डॉ. शकील भी शामिल थे।