छत्तीसगढ़ : कांगेस नेता के घर पुलिस का छापा, रंगदारी और अवैध वसूली के हैं आरोप, अभी चल रहे फ़रार

कोरबा : गुरुवार तड़के 6:30 बजे पुलिस बल ने कांग्रेस नेता विकास सिंह के घर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 50 पुलिसकर्मी और उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद थे। छापामार कार्रवाई क्यों की गई, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आरोपी जिन पर कई तरह के अपराध दर्ज है और वह फरार चल रहे हैं। उनकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।

इसी सिलसिले में विकास सिंह सहित अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। कांग्रेस नेता विकास सिंह, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के करीबियों में माने जाते हैं। वह कांग्रेस के मजदूर संगठन इंटक के जिला अध्यक्ष भी हैं। विकास कोरबा शहर के मुड़ापार क्षेत्र के एसईसीएल कॉलोनी में निवास करते हैं। पुलिस की मानें तो फिलहाल विकास फरार चल रहे हैं। जिसकी तलाश की जा रही है।

पूर्व में विकास सिंह को लेकर काफी विवाद हो चुका है। विधानसभा चुनावों के बाद ठेकेदारों से रंगदारी और अवैध वसूली के आरोप पर विकास सिंह के कुछ करीबियों पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। अक्टूबर 2019 में मानिकपुर चौकी के समक्ष जबरन चंदा वसूलने के आरोप में भी इनके करीबियों पर कार्रवाई हुई थी।

इसी मामले में आईपीएस उदय किरण ने आधी रात विकास सिंह के घर छापामार कार्रवाई की थी। तब एडिशनल एसपी के तौर पर तेजतर्रार आईपीएस उदय किरण की पदस्थापना थी। उस मामले ने काफी तूल पकड़ा था, बाद में उदय किरण का जिले से स्थानांतरण कर दिया गया था। विकास सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी। पुराना मामला शांत होने के बाद गुरुवार की सुबह पुलिस द्वारा की गई छापामार कार्रवाई को पुराने मामलों से ही जोड़कर देखा जा रहा है।

एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि सिर्फ विकास सिंह ही नहीं ऐसे आरोपी जिन पर कई तरह के अपराध दर्ज है और वह फरार चल रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी भोजराम पटेल ने विशेष टीम का गठन किया है। यह टीम अलग-अलग क्षेत्रों में इस तरह के आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक विकास सिंह फिलहाल फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस तलाश जारी है। जल्द ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।