महिला ने दूधमुंहे बच्चे के साथ तालाब में लगाई छलांग, दोनों की मौत, पति ने बताई ये हैरान करने वाली बात

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर स्थित गढ़िया पहाड़ के तालाब में 10 माह के बच्चे के साथ मां ने छलांग लगा दी। जिससे डूबने से दोनों की मौत हो गई। मृतक महिला मानपुर निवासी है। महिला का पति कांकेर बस स्टैंड में एक होटल में मजदूरी का काम करता है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक महिला सेवती सिन्हा बीती रात दूध मुंहे बच्चे के साथ बिना बताए घर से निकल गई। सुबह स्थानीय लोगों ने महिला को बच्चे के साथ तालाब में छलांग लगाते देखा। सूचना के बाद नगर सेना के जवान मौके पर पहुंचे। महिला और बच्चे की तलाश की गई। दोनों के शव मिले। दोनों शवों को तालाब से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतका के पति रामचन्द्र सिन्हा ने बताया “पत्नी अक्सर पहाड़ में देवी बुला रही है कि बात को लेकर जिद करती थी। बीती रात भी 10 माह के बच्चे और 5 साल के बच्चे को लेकर पहाड़ पर चढ़ने लगी। 5 साल का बच्चा वापस आ गया लेकिन पत्नी छोटे बच्चे को लेकर चली गई। सुबह पता चला तालाब में डूब गई।”