Chhattisgarh News: तेज़ रफ्तार हाईवा ने एक्टिवा सवार महिला को कुचला… भीड़ ने किया सड़क जाम..

Janjgir-Champa News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना में महिला के पति को भी चोटें आई है। हादसे के बाद हाईवा चालक भाग निकला। इसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मामला बारद्वार थानाक्षेत्र का है।

दरअसल पलाडीकला निवासी चमेली साहू अपने पति दादूराम साहू के साथ सुबह 11 बजे एक्टिवा स्कूटी में सवार होकर अंतिम संस्कार में शामिल होने ठठारी जा रही थी। इस बीच दोनों नेशनल हाईवे 49 पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे पति पत्नी दोनों सड़क पर जा गिरे। तब हाईवा वाहन चमेली साहू को कुचलते हुए निकल गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पति दादूराम को चोटें आई है। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने हाईवा रोकी और उतरकर भाग निकला।

इधर हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फुट पड़ा। लोग सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान बिलासपुर में पदस्थ एक महिला जज सक्ति से जा रही थी। वह भी जाम में फंस गई। हालांकी कुछ समय बाद लोगों को पता लगा की जज की गाड़ी है तो जाने दिया। सड़क पर आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। अंत में 25 हजार रुपए मुआवजा राशि देने की बात पर लोग सड़क से हटे। तब कहीं आवागमन बहाल हुआ।