स्कार्पियो से 50 लाख रुपये का गांजा बरामद, गाड़ी छोड़कर भाग निकले तस्कर

गरियाबंद। पुलिस ने एक स्कार्पियो से 632 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्कर बचकर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस अफसरों के मुताबिक, गांजे की तस्करी ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान के लिए की जा रही थी। पुलिस फिलहाल तस्कर की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ओडिशा बॉर्डर पर देवभोग में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कार्पियो ओडिशा की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस को देख चालक ने गाड़ी घुमाई और जंगल की ओर भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन जंगल का फायदा उठाते हुए तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें गांजे के 198 पैकेट बरामद हुए। उन्हें जब्त कर लिया गया है।

नशे की बढ़ती तस्करी को देखते हुए DGP के निर्देश पर गरियाबंद पुलिस ने ओडिशा बॉर्डर पर चेकिंग के लिए CCTV कैमरे लगाए हैं। एडिशनल SP चंद्रेश ठाकुर ने बताया कि इनके जरिए बाहर से आने वाले वाहनों की निगरानी की जा रही है। यह गांजे का अंतरराज्यीय तस्कर था। गाड़ी राजस्थान नंबर की है। उसके बारे में पता कर रहे हैं। वहीं, SP पारुल माथुर ने बताया कि देवभोग के रास्ते से वाहनों में तस्करी की जा रही है। इसे रोकने का प्रयास है।