अम्बिकापुर में सड़क पर उतरे कलेक्टर… 6 लोगों के ख़िलाफ़ दर्ज हुआ FIR.. 2 दुकान भी सील … इस गलती की मिली सजा

अम्बिकापुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बरती जा रही लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। लोगों से होम आइसोलेशन का पालन कराने के लिए कलेक्टर खुद सड़क पर उतर गए हैं। होम आइसोलेशन में रहने के दौरान नियमों का पालन नहीं करने, बाहर घूमने और कुछ व्यवसायियों पर कार्रवाई की है। पहले दिन कलेक्टर के निर्देंश पर 6 लोगों के खिलाफ FIR की गई। जबकि 2 दुकानों को सील किया गया। कलेक्टर ने कहा ये कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

सरगुजा जिले में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। संक्रमण फैलने के पीछे लोगों की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। लगातार यह बात सामने आ रही थी कि लोग संक्रमित होने के बाद होम आइसोलेशन की सुविधा ले रहे हैं, लेकिन कुछ लोग होम आइसोलेशन के नियमों का पालन नहीं कर रहे है। ऐसे लोग होम आइसोलेशन का पोस्टर फाड़कर खुले में घूम रहे हैं। इस स्थिति में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

कलेक्टर संजीव झा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अन्य अधिकारियों के साथ सड़क पर आइसोलेशन में रहने वालों के घर की जांच की। इस दौरान वार्ड नंबर 48 केदारपुर के नशा मुक्ति केंद्र संचालक सिद्धार्थ मिश्रा घूमते हुए पाए गए। उनके घर के बाहर का स्टिकर भी उखड़ा हुआ था। उन पर महामारी नियंत्रण एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई।