छत्तीसगढ़ : हाथियों ने 2 ग्रामीणों को कुचलकर मारा… शव के पास जमाएं है डेरा…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में सोमवार को हाथियों ने महिला सहित दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें मार डाला। ग्रामीण अपनी धान बुआई की फसल देखने के लिए गए थे। दोनों घटनाएं महज 500 मीटर की दूरी पर हुई हैं। शवों के पास अभी भी हाथी डेरा जमाए हुए हैं। इसके चलते अभी तक शवों को उठाया नहीं जा सका है। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम शवों को रेस्क्यू करने का प्रयास कर रही है। घटना फरसाबहार विकासखंड की है। पिछले 7 दिनों में जिले में हाथी 3 ग्रामीणों की जान ले चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक, जमुना गांव निवासी प्रकाश एक्का (55) की कंपार्टमेंट 862 में पट्टा जमीन है। यह जंगल के अंदर है। इस पर प्रकाश ने धान की बुआई की थी। वह सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे फसल देखने गया था। वहां महुआ उठा रहा था, इसी दौरान हाथी ने हमला कर दिया। वहीं से करीब 500 मीटर दूर महिला दयामनी तिर्की (59) को भी हाथियों ने पटक कर मार डाला। हमले के बाद ग्रामीण डर गए हैं। वहां जिनकी फसलें लगी हैं, वह अब अंदर नहीं जा रहे हैं कि हाथी फिर हमला कर सकते हैं।