छत्तीसगढ़: दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत, ग्रामीणों के पहुंचने तक तोड़ चुका था दम

दुर्ग-भिलाई। छत्‍तीसगढ़ के भिलाई में मंगलवार की दोपहर में अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए गए एक छह साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। उसके साथ गए दो बच्चों ने उसे डूबता देख पहले मदद के लिए आवाज लगाई। लेकिन, कोई आसपास नहीं था। इसलिए वे भागकर गांव में गए और लोगों को बुलाकर लाए। लेकिन, तब तक बच्चा डूब चुका था। घटना की जानकारी लगते ही पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटना के संबंध में पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि, उक्त घटना मंगलवार के दोपहर की है। ग्राम अमेरी के सतनामी पारा निवासी पुष्कर गेंड्रे का छह वर्षीय बेटा निखिल गेंड्रे अपने दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए गांव के तालाब पर गया था। नहाते समय निखिल तालाब के गहरे हिस्से की तरफ चला गया। उसे तैरना नहीं आता था, तो वो डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथ गए उसके दोस्तों ने मदद के लिए आवाज लगाई। लेकिन, घटना के समय तालाब के पास कोई नहीं था। दोनों बच्चे भागते हुए गांव की ओर गए और लोगों को बुलाकर लाया। जब तक ग्रामीण वहां पहुंचते, तब तक छह वर्षीय निखिल डूब चुका था। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और उसे फौरन अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि, निखिल जिन बच्चों के साथ गया था। उनकी उम्र भी सात और आठ साल है। वे लोग नहाने के लिए अक्सर तालाब पर जाया करते थे। वे तीनों मंगलवार को भी नहाने के लिए तालाब पर गए थे और ये हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया गया है। मौत की सूचना दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।