तलाक नहीं देने पर पत्नी की पिटाई, तीन महीने पहले हुआ है प्रेम विवाह



बिलासपुर। समाज कल्याण केंद्र में पदस्थ महिला प्रशिक्षक ने तीन महीने पहले युवक से प्रेम विवाह किया था। अब युवक उनसे तलाक मांग रहा है। तलाक से मना करने पर उसने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। मारपीट से घायल महिला ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

सरकंडा के कपिल नगर में रहने वाली महिला ने तीन महीने पहले बंधवापारा में रहने वाले चंद्रमोहन श्रीवास से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों अलग-अलग रह रहे थे। सोमवार को युवक ने अपनी पत्नी को न्यायालय परिसर में मिलने के लिए बुलाया। पति के बुलाने पर महिला वहां पहुंच गई। न्यायालय परिसर में युवक ने तलाक के पेपर पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा।

इसके बाद दोनों बात करते हुए नर्मदा नगर की ओर चले गए। शाम सात बजे युवक ने तलाक नहीं देने पर अपनी पत्नी पत्नी की पिटाई की। इसके बाद उसे जमीन पर गिराकर भाग निकला। महिला ने इसकी जानकारी अपनी बड़ी बहन को दी। इसके बाद घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। महिला की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।