छत्तीसगढ़ : प्रपोजल ठुकराया तो नाबालिग ने किशोरी को जड़ा थप्पड़, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ दर्ज कराई FIR

बिलासपुर। बिलासपुर में एक नाबालिग लड़के ने किशोरी को थप्पड़ जड़ दिया है। बताया गया है कि नाबालिग ने किशोरी को प्रपोज किया था, लेकिन उसने मना कर दिया। जिसके बाद गुस्साए लड़के ने किशोरी को थप्पड़ मार दिया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया है। मामले में अब दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज करवाया है।

दरअसल, ये पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। 17 साल के लड़के ने एक महीने पहले मोहल्ले में ही रहने वाली 13 साल की लड़की को प्रपोज किया था। लेकिन उसने मना कर दिया, जिसके चलते लड़ने ने उसे 2 थप्पड़ मार दिया।

इस मामले ने तूल तब पकड़ लिया, जब किशोरी का मामा गुरुवार को लड़के घर पहुंच गया। लड़के ने बताया है कि गुरुवार की दोपहर लड़की का मामा उसके घर पहुंचा था और उसे अपने घर ले गया था। वहां पर लड़की के और रिश्तेदार भी मौजूद थे। नाबालिग ने बताया कि उसके रिश्तेदारों ने उसे ये कहकर पीटा कि तुमने हमारी भांजी के साथ मारपीट कर वीडियो वायरल किया है। इतना ही नहीं लड़के ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके कमरे में बंद करके पीटा गया है।

लड़के ने बताया कि मारपीट करने के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद लड़का अपने घर पहुंचा और उसने इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद वो अपने मां के साथ घटना की शिकायत करने थाने पहुंच गया। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी थाने आ गया। उन्होंने मामले में समझौते की बात कही। जिस पर नाबालिग अपनी मां के साथ लौट गया। पर देर रात उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद लड़का शुक्रवार को फिर थाने गया और उसने किशोरी के परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। लड़के के शिकायत दर्ज कराने के बाद लड़की के परिजनों ने भी लड़के के खिलाफ शुक्रवार को ही थाने में केस दर्ज कराया है।