छत्तीसगढ़: सीनियर कांग्रेस नेता पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित, विधायक पर लगाए थे ये गंभीर आरोप

बीजापुर। युवा आयोग के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेसी अजय सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश के बाद प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने युवा आयोग के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेसी अजय सिंह का निष्कासन आदेश जारी किया। अजय सिंह ने बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी पर कई आरोप लगाए थे जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। जारी आदेश में कहा गया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण उन्हें निष्कासित किया जा रहा है।

अजय सिंह ने विधायक विक्रम शाह पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा थी ’15वें वित्त आयोग की राशि पर विशेषाधिकार जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और वहां की जनता को होता है। वहीं तय करते हैं कि किस मद की राशि कहां खर्च करना है। लेकिन वहां पर भी सत्ता पक्ष की तरफ से हस्तक्षेप किया गया। सीईओ पर दबाव बनाकर टेंट, बर्तन, साड़ी और कंबल खरीदे गए। जबकि शासन की सीधी गाइडलाइन है कि राशि से मूलभूत सुविधाओं को पूरा करना है। 14 से 28 लाख के बर्तन सिर्फ एक ब्लॉक में खरीदे गए। जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि राशि का बंदरबांट हो रहा है। 1.98 लाख की लागत से खेल सामग्री खरीदा गया। उसमें भी भारी भ्रष्टाचार किया गया।

अजय सिंह के आरोपों के बाद पार्टी आलाकमान ने उन्हें नोटिस जारी किया था। निष्कासित आदेश के बाद अजय सिंह मंगलवार को भैरमगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखेंगे।