करोड़पति बनने की लालच में महिला ने लाखों गवाए, ठगे जाने का अहसास हुआ तो कर ली आत्महत्या

अनिल उपाध्याय/सीतापुर..करोड़पति बनने की लालच में एक महिला जालसाजों के झांसे मे इस कदर उलझी की उसने उनके कहने पर लाखों रुपये गवा दिये। जब उसे जालसाजों द्वारा ठगे जाने का अहसास हुआ तब उसने पुल से कूदकर जान दे दी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम करते हुए आरोपी जालसाजों की जांच पड़ताल शुरू कर दी हैं।

प्राप्त जानकारी अनुसार, ग्राम लीचिरमा निवासी स्व मानिकचंद की 45 वर्षीय पत्नी सेवबती पैंकरा ने मांड नदी में बने पुल से कूदकर जान दे दी थी। पुलिस ने इस मामले की छानबीन की तो पता चला कि महिला ठगी की शिकार हुई हैं।अज्ञात जालसाजों ने व्हाट्सएप के जरिये कॉल करके महिला को 25 लाख का इनाम फंसने का झांसा देकर लाखों रुपए ठग लिए हैं। जालसाजों के कहने पर महिला ने करोड़पति बनने की लालच मे अपने करीबियों से कर्ज लेकर कई किस्तों में पैसा उनके खाते में ट्रांसफर किया था। जिसकी वजह से महिला के ऊपर काफी कर्ज हो गया था और वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगी थी। आत्महत्या से पहले जालसाजों ने महिला को व्हाट्सएप में कॉल कर बोला था कि, 15 हजार रुपये खाते में जमा कर दीजिए। आपके खाते में 25 लाख ट्रांसफर हो जायेगा। उनके झांसे में आकर महिला ने जालसाजों के खाते में 15 हजार रुपये डाल दिए। पैसा डलाने के बाद भी जब उसके खाते में 25 लाख नही आया तब उसे जालसाजों द्वारा ठगे जाने का अहसास हुआ।

करोड़पति बनने के चक्कर मे अपनी सारी जमा पूंजी गवाकर लोगो का कर्जदार बन चुकी महिला खाते में पैसा नही आने से काफी परेशान थी। इसी परेशानी की वजह से महिला ने मांड नदी पर बने पुल से नीचे कूदकर अपनी जान दे दी। इस दौरान महिला को लोगो ने काफी समझाया और ऐसा करने से रोकने की भी कोशिश की। लेकिन, उसने किसी की एक नही सुनी और करोड़पति बनने के चक्कर मे जालसाजों के झांसे में आकर अपना सब कुछ गवाने के बाद खुद को मिटा दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि महिला के व्हाट्सएप में जालसाजों ने कॉल कर इनाम फंसने का लालच देकर अपने झांसे में ले लिया। जिसके बाद उनके कहने पर महिला करोड़पति बनने की लालच में उनके खाते में हफ्ते दो हफ्ते से पैसा ट्रांसफर कर रही थी। आत्महत्या करने से पहले भी उसने जालसाजों के कहने पर 15 हजार रुपये ये सोचकर डाला था कि उसके खाते में इनाम की मोटी राशि आयेगी। लेकिन, पैसा डलाने के बाद भी जब उसके खाते में पैसा नही आया तब उसने परेशान होकर ये कदम उठाया और पुल से कूदकर मांड नदी में अपनी जान दे दी।